
छत्तीसगढ़ में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बारिश का अलर्ट 28 जनवरी को उत्तरी हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार बाकी जगह मौसम ड्राई रहेगा
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड से धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं। अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।







मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा।
हिमाचल प्रदेश और पंजाब क्षेत्र में ऊपरी हवा में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
बच्चों पर पड़ रहा ठंड का असर




कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा होता है।
नवजातों की मांसपेशियां कम विकसित होती हैं, जिससे वे ठंड सहन नहीं कर पाते। वहीं, सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे शिशुओं में हाइपोथर्मिया का खतरा और बढ़ जाता है।




