रायपुर एयरपोर्ट में पिकअप-ड्रॉप की समस्या होगी खत्म टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर बन रहे नए तीन और लेन, इससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी
By Dinesh chourasiya

रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने और लेने के लिए फिलहाल पांच मिनट की फ्री पार्किंग सुविधा दी जा रही है। निर्धारित समय से अधिक रुकने पर पार्किंग शुल्क लिया जाता है। हालांकि, नई टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर वाहनों के आवागमन के लिए अभी केवल एक ही लेन उपलब्ध है।
विमानों के आगमन और प्रस्थान के समय बड़ी संख्या में वाहन एक साथ खड़े हो जाने से पांच मिनट की समय-सीमा में आना-जाना मुश्किल हो जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नई टर्मिनल के बाहर तीन अतिरिक्त लेन बनाने का फैसला किया है।







इसके बाद पुरानी लेन को मिलाकर कुल चार लेन हो जाएंगी। इससे वाहनों की आवाजाही कहीं अधिक सुचारू हो सकेगी।अधिकारियों के अनुसार, वीआईपी आगमन के दौरान अक्सर लेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ता है, जिससे सामान्य यात्रियों को परेशानी होती है। नई व्यवस्था में एक लेन वीआईपी मूवमेंट के लिए आरक्षित की जाएगी, ताकि अन्य लेनों में सामान्य यातायात बाधित न हो।
30 जनवरी तक विजिटर्स की एंट्री बंद गणतंत्र दिवस को लेकर सभी एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसके चलते 30 जनवरी तक विजिटर्स की एंट्री बंद कर दी गई है। फिलहाल केवल वैध फ्लाइट टिकट वाले यात्रियों को ही एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है।
दिल्ली की उड़ान 26 जनवरी तक रद्द एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली उड़ान को 26 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है। दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों और वायु सेना के विशेष अभ्यास के कारण कई राज्यों से दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा है।








