भिलाई के कुकर बिरयानी सेंटर में ग्राहक की जमकर पिटाई कस्टमर मैनेजर से बोला बिरयानी में कम पीस क्यों दिए मैनेजर सहित स्टाफ के खिलाफ FIR दर्ज
By Dinesh chourasiya

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्मृति नगर स्थित कूकर बिरयानी सेंटर में बिरयानी के पीस को लेकर हुए विवाद में जमकर मारपीट हुई है। मैनेजर और उसके दो साथियों ने मिलकर बिरयानी खाने आए युवकों को पीटा। इस मामले में पुलिस ने मैनेजर और दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे अश्लील गालियां दी गईं, जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट कर चोट पहुंचाई गई।







ग्राहक बोले- दूसरे को ज्यादा पीस और हमें कम क्यों? प्रार्थी के राजेश ने बताया कि वह एयरटेल फाइबर कंपनी में वाई-फाई इंस्टॉलेशन का कार्य करता है। 13 जनवरी को शाम करीब 4:15 बजे वह अपने दोस्तों राकेश साहू और हर्ष कपूर के साथ स्मृति नगर स्थित कूकर बिरयानी सेंटर में खाना खाने गया था। तीनों ने तीन हाफ बिरयानी का ऑर्डर दिया, लेकिन तीनों की प्लेट में उन्हें अपेक्षा से कम पीस दिए गए, जबकि अन्य ग्राहकों को ज्यादा पीस परोसे जा रहे थे।
मैनेजर से शिकायत की तो देने लगा गाली जब उन्होंने इस बात पर आपत्ति जताई तो बिरयानी सेंटर के मैनेजर और वहां मौजूद दो कर्मचारियों ने कथित रूप से गाली-गलौच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने उसे मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और शराब पीकर होटल आने का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। बात यहीं नहीं रुकी, मैनेजर ने हाथ में रखे करछुल (चम्मच) से और कर्मचारियों ने हाथ में पहने कड़े से उस पर हमला कर दिया।
जमकर हुई मारपीट, मोबाइल फोन भी टूटा बिरयानी में कम पीस की बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए प्रार्थी के दोस्त राकेश साहू का मोबाइल फोन (ओप्पो कंपनी) भी झूमा-झटकी में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। शिकायतकर्ता को सिर, बाईं-दाईं पसलियों और दोनों अंगूठों में चोट आई है। घटना के बाद पीड़ितों ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।








