
CG में DSP पर युवक-युवती ने किया चाकू से हमला:सिर-गले पर गंभीर चोट, दुर्ग के रहने वाले हैं आरोपी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के DSP तोमेश वर्मा पर पुरानी रंजिश के चलते दंतेवाड़ा में युवक-युवती ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में अफसर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चेहरे पर गहरी चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।







जानकारी के मुताबिक, DSP तोमेश वर्मा किसी काम से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय आए हुए थे। इस दौरान दुर्ग के रहने वाले रमाशंकर साहू और रजनिशा वर्मा उनका पीछा करते हुए सुकमा से दंतेवाड़ा आ गए। इस दौरान मौका मिलते ही अचानक चाकू से गले के पास हमला कर दिया।
जिससे अधिकारी के सिर और गले के पास गंभीर रूप से चोट आई है। डॉक्टर के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावर युवक और युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह




बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों और तोमेश वर्मा के बीच दुर्ग जिले की कोर्ट में पहले से एक प्रकरण विचाराधीन था। जिसमें सितंबर 2025 में दोषमुक्ति हुई थी। इसी पुराने केस से जुड़ी रंजिश को हमले का कारण माना जा रहा है।
युवक-युवती से पूछताछ जारी- ASP
इस पूरे मामले में दंतेवाड़ा ASP आरके बर्मन ने बताया कि युवक-युवती से पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं में मामले की जांच की जा रही है।




