दुर्ग में कांग्रेस ने ऊंट को जीरा खिलाकर बीजेपी सरकार को घेरा:जिला अध्यक्ष बोले- कोयला, पानी और सभी संपदा हमारी होने के बाद भी बीजेपी दे रही महंगी बिजली
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में बिजली बिल हॉफ योजना को 400 यूनिट से घटाकर 200 यूनिट किए जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुर्ग बिजली कार्यालय और कलेक्ट्रेट के सामने ऊंट को जीरा खिलाकर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस का कहना है कि सरकार द्वारा 400 यूनिट हॉफ योजना बंद कर जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा दिया गया है, ऐसे में 200 यूनिट की राहत “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान है।

कांग्रेस के विरोध के बाद 200 यूनिट किया राकेश ठाकुर ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने लाखों उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना लागू की थी। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार ने जनता की जेब की परवाह किए बिना इसे पहले 100 यूनिट तक सीमित कर दिया। विरोध और आंदोलनों के बाद इसे बढ़ाकर 200 यूनिट तो किया गया, लेकिन यह बेहद कम है। ठाकुर ने चेतावनी दी कि कांग्रेस 400 यूनिट योजना बहाल होने तक आंदोलन को और उग्र करेगी। उन्होंने स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी को जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया। कहा कि आज प्रदेश में हमारा कोयला है, पानी है, सभी संपदा है हमारी खुद की है, इसके बाद भी प्रदेश की जनता को महंगी बिजली बीजेपी दे रही है। सीएम हाउस का करेंगे घेराव कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर, बिजली बिल हॉफ योजना में कटौती और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की नीति सिर्फ उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि राज्य की खदानें, जंगल और बिजली बड़े उद्योग समूहों को सौंपे जा रहे हैं, जबकि छत्तीसगढ़ की बिजली बाहर के राज्यों में महंगे दामों पर बेची जा रही है। राकेश ठाकुर ने कहा कि जब तक पुरानी योजना बहाल नहीं हो जाती है तब वे लगातार प्रदर्शन करेंगे और सीएम हाउस का भी घेराव करेंगे।







उंट लेकर पहुंचे कलेक्टोरेट, एसडीएम और बिजली विभाग के सामने खिलाया जीरा दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उंट के साथ कलेक्टोरेट परिसर पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान ने कहा कि बीजेपी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ छल कर रही है। महंगाई के दौर में बिजली बिल महंगा करना प्रदेश की जनता पर दोहरी मार है। सरकार को भूपेश बघेल सरकार की तरह पुरानी बिजली बिल योजना को तत्काल लागू करना चाहिए। इस प्रदर्शन में प्रदेश महांत्री राजेंद्र साहू, शिवकुमार वर्मा, राजीव गुप्ता, अलताफ अहमद, जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू, प्रवक्ता नासिर खोखर, परमजीत सिंह भुई, कैलाश नाहटा, ओनी महिलांग सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




