Uncategorized

बालोद में बंदर ने छेड़ा मधुमक्खी का छत्ता, बेकाबू मधुमक्खियों ने ट्रेन से उतरे पैरालिसिस शख्स को 20 मिनट तक मारा डंक, हालत गंभीर

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही रेलवे स्टेशन पर रविवार को मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रियों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि, स्टेशन परिसर के पेड़ पर बैठे बंदर ने मधुमक्खी के छत्ते को छेड़ दिया। जिसके बाद मधुमक्खियां बेकाबू होकर यात्रियों पर टूट पड़ीं।

इस दौरान ट्रेन से उतरे पैरालिसिस (लकवा पीड़ित) तिलखैरी (अरमरीकला) निवासी दिलेश्वर साहू (35) मधुमक्खियों के झुंड में फंस गया। वे दर्द से तड़पते हुए करीब 20 मिनट तक डंक का शिकार होते रहा।

आसपास मौजूद लोग मदद करना चाहते थे, लेकिन झुंड के कारण कोई पास नहीं जा सका। अंततः यात्रियों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद उन्हें गुंडरदेही अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

रायपुर से वापस लौट रहा था घर

गुंडरदेही पुलिस के अनुसार, दिलेश्वर रायपुर से अपने गांव लौट रहा था। ट्रेन से उतरते ही बंदर की शरारत के बाद मची अफरा-तफरी में वे मधुमक्खियों के घेरे में फंस गया। मधुमक्खियों ने उन्हें सिर से पांव तक डंक मार दिया।

हम चिल्लाते रहे, कोई बचाने नहीं आया – प्रत्यक्षदर्शी

प्रत्यक्षदर्शी टेकराम पटेल ने बताया कि, वे गुंडरदेही से भानुप्रतापपुर जा रहे थे। जैसे ही वह दोपहर 12.10 बजे स्टेशन पहुंचा, वहां अफरा-तफरी मची हुई थी। मुझे भी दो मधुमक्खियों ने डंक मारा। मैं दौड़कर ट्रेन पर चढ़ गया। सभी यात्री भाग रहे थे, लेकिन वह बीमार व्यक्ति वहीं तड़पता रहा। हम खिड़की से बचाने के लिए चिल्ला रहे थे, मगर कोई पास नहीं जा पा रहा था।

घुटनों के सहारे पहुंचा टिकट काउंटर

यात्रियों के अनुसार, लकवा पीड़ित दिलेश्वर साहू के ऊपर सैकड़ों मधुमक्खियां मंडरा रही थीं। कोई भी उनकी मदद के लिए पास नहीं जा पा रहा था। इसी बीच एम्बुलेंस कर्मियों ने दूर से आवाज लगाकर उन्हें टिकट काउंटर की ओर घुटनों के सहारे बढ़ने को कहा। किसी तरह वे वहां पहुंचे। जिसके बाद एम्बुलेंस कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button