Uncategorized

भिलाई में नाले में नवजात का शव मिलने से फैली सनसनी:आसपास के अस्पतालों की जानकारी खंगाल रही पुलिस, जन्म के बाद फेंका गया या बहकर आया इसकी जांच कर रही है पुलिस

By Dinesh chourasiya

भिलाई में सुपेला थाना से कुछ दूरी पर ही टाटा मोटर्स के सामने बने नाले में बुधवार की सुबह एक नवजात का शव (भ्रूण) मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब नाले में बच्चे का शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर सुपेला थाना पुलिस पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नाले में इस तरह मिला नवजात का शव।

सुपेला थाना प्रभारी ने बताया कि नाले में भ्रूण (फीटस) मिला है। प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह भ्रूण किसी ने फेंका है या बहकर यहां तक आया है। उन्होंने कहा कि हम इस पर विधिवत कार्यवाही कर रहे हैं। अभी कुछ भी क्लियर नहीं कहा जा सकता है कि भ्रूण को जानबूझकर फेंका गया है या किसी और स्थान से बहकर यहां पहुंचा है। फूटेज वगैरह भी अब तक कुछ सामने नहीं आया है।

सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में देखा नवजात का शव, पुलिस को दी तत्काल सूचना

जांच के बाद ही पता चलेगी सही जानकारी पुलिस का कहना है कि भ्रूण कितने दिन का है, यह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। मेडिकल जांच के बाद ही पता चलेगा कि भ्रूण गर्भ से गिराया गया है या जन्म के बाद फेंका गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हमने मर्ग कायम कर लिया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे यह पता चल सके कि भ्रूण को किसने और कब नाले में फेंका।

फॉरेंसिक और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची जानकारी के अनुसार पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया था ताकि नाले से सैंपल लेकर जांच की जा सके। मेडिकल टीम भ्रूण की उम्र और मृत्यु का कारण पता लगाने की कोशिश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि भ्रूण को फेंकने के पहले उसकी मृत्यु हो चुकी थी या पैदा होने के तुरंत बाद उसे नाले में डाल दिया गया।

हर एंगल से जांच कर रही है पुलिस पुलिस सूत्रों के अनुसार, आस-पास के अस्पतालों, क्लीनिकों और नर्सिंग होम्स की जानकारी भी जुटाई जा रही है। यह देखा जा रहा है कि कहीं हाल के दिनों में किसी ने गर्भपात तो नहीं करवाया या कोई संदिग्ध महिला अचानक गायब तो नहीं हुई। सुपेला थाना प्रभारी ने कहा कि हम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

Related Articles

Back to top button