Uncategorized

CG में पिता से पैसे वसूलने खुद के अपहरण की रची साजिश:10 लाख डिमांड, गर्लफ्रेंड संग लिव-इन में रहता था, बिलासपुर से MP भागा,पेंड्रा में पुलिस ने दबोचा 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में खुद के अपहरण होने की कहानी बनाकर युवक अपने पिता से 10 लाख की फिरौती मांग रहा था। वो गर्लफ्रेंड संग लिव-इन में रहता था। पुलिस को चकमा देने के लिए मध्यप्रदेश भाग रहा था। लेकिन, जब पैसे खत्म हो गए, तब वो लौटते समय पेंड्रा में पकड़ा गया।

पुलिस उसे खोजने के लिए 3 दिनों तक भटकती रही। उसके सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। पूछताछ में उसने बताया कि, अपने पिता से पैसे लेने के लिए उसने अपहरण की साजिश रची थी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, जशपुर जिले के नारायणपुर के देरहाखार निवासी संजय यादव (29) के पिता किसान हैं। संजय पिछले 10 साल से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में किराए के मकान में रहता है, जहां उसने एमएससी तक की पढ़ाई की। अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग कर रहा है। इसके साथ ही प्राइवेट बैंक में कुछ काम भी करता है।

अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पिता से मांगी फिरौती

रविवार (5 अक्टूबर) को उसने अपने पिता को फोन कर अपहरण की जानकारी दी, फिर 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। पैसा अपने ही बैंक अकाउंट में जमा करने कहा। बेटे का कॉल और अपहरण की जानकारी मिलते ही घबराए पिता भागते हुए बिलासपुर पहुंचे। बेटे के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी।

बेटा बोला- 8-10 युवकों ने किया अगवा

संजय के पिता बालेश्वर यादव ने पुलिस को बताया कि, उसके मोबाइल पर फिरौती की मांग की जा रही है। कॉल लापता बेटे संजय यादव कर रहा है। जिसे 8 से 10 लड़कों ने अगवा कर लिया है। बेटे की बात पर पिता को यकीन हो गया और उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

हालांकि, शुरूआती जांच में ही पुलिस को युवक के अपहरण की कहानी झूठी लग रही थी। लेकिन, एहतियातन पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। लेकिन, युवक का लोकेशन लगातार बदल रहा था।

पिता से पैसे वसूलने खुद के रची अपहरण बनाई कहानी।

MP के कटनी तक पहुंच गई थी पुलिस

रविवार को पुलिस की टीम रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पहुंची। लेकिन, युवक का कोई सुराग नहीं मिला। वो लगातार लोकेशन बदल रहा था। इस बीच सोमवार को पुलिस को पता चला कि युवक मध्यप्रदेश के कटनी पहुंच गया है। लिहाजा, एक टीम को कटनी के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान शाम को पता चला कि युवक फिर लौट रहा है। तब टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया।

दोस्तों से मांगे पैसे, नहीं मिला तो लौटा युवक

CSP निमितेश सिंह ने बताया कि, पुलिस ने युवक के मोबाइल की तकनीकी जांच की, तब पता चला कि वो अपने दोस्त और परिचितों से बात कर रहा है। लिहाजा, पुलिस ने उसके दोस्तों से पूछताछ की, तब पता चला कि अपहृत युवक संजय उनसे पैसे मांग रहा था। वहीं, पुलिस ने युवक के साथ लिव इन में रहने वाली युवती को भी पकड़ कर पूछताछ की।

तब पता चला कि युवक के पास खाने के लिए भी पैसे नहीं थे। जिस कारण उसे वापस लौटना पड़ा। जैसे ही युवक के ट्रेन से पेंड्रा पहुंचने की खबर मिली, पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस उसे लेकर बिलासपुर आ गई है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button