CG के इस जिले में बिजली दरों में बढ़ोतरी-आपूर्ति कमी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन बिजली कार्यालय का घेराव किया, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की
By Dinesh chourasiya
कोंडागांव जिले में बिजली बिलों में लगातार वृद्धि और आपूर्ति में कमी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भगदेवा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी कार्यालय के बाहर जमा हुए और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से बिजली बिलों के नाम पर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।







उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बिजली की आपूर्ति बेहतर थी और बिल कम आते थे, जबकि वर्तमान विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में बिजली की आपूर्ति आधी हो गई है और बिल 10 गुना तक बढ़ गए हैं। विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग को एक ज्ञापन सौंपा गया।

कांग्रेसियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी
ज्ञापन में मांग की गई है कि बिजली बिलों में की जा रही बढ़ोतरी को तुरंत रोका जाए और दरों में कमी की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही जनता को राहत नहीं मिली, तो आने वाले समय में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।




कांग्रेस नेताओं ने इस आंदोलन को केवल अपनी पार्टी का नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों और आम उपभोक्ताओं की आवाज बताया। उन्होंने कहा कि यह मांग और लड़ाई आम जनता की है, जिसमें किसान और मजदूर भी शामिल हैं। सभी को मिलकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
बता दें कि इस प्रदर्शन में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, लेकिन इसके बावजूद हर महीने हजारों रुपए के बिल थमाए जा रहे हैं।




