
रायपुर में चॉकलेट-गुटखे की पाउच में ड्रग्स की सप्लाई ढाई साल में 2 करोड़ का ड्रग्स बेचा, 57 लाख हेरोइन के साथ दो महिला समेत 6 गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya
पाकिस्तान का ड्रग्स पंजाब के रास्ते रायपुर लाया जा रहा है। ड्रग्स की डिलीवरी में लड़कियों का इस्तेमाल हो रहा है, ताकि पुलिस को भनक ना लगे। वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के जरिए ग्राहकों को डिलीवरी दी जा रही है। युवतियां ड्रग्स को ऐसे स्थान पर छोड़कर वीडियो और फोटो शेयर करती हैं, जहां लोग आसानी से पहुंच सकें।
रायपुर में 57 लाख की हेरोइन पकड़ाने के बाद इसका खुलासा हुआ है। पुलिस ने CA की छात्रा समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें पति-पत्नी भी शामिल है। आरोपियों से 273.19 ग्राम हेरोइन मिली है। यह पूरी कार्रवाई कबीर नगर थाना पुलिस समेत क्राइम ब्रांच ने की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट में एक्शन लिया है।








पंजाब से ड्रग्स छोड़ने आते हैं दो पैडलर्स
पुलिस के अनुसार पंजाब से दो युवक ड्रग्स छोड़ने आते है। ट्रेन से ड्रग्स लेकर आते और स्टेशन में देकर चले जाते हैं। इसके अलावा ट्रक, बस और अन्य साधनों से भी ड्रग्स रायपुर भेजा जा रहा है।
मनमोहन कई बार ड्रग्स खरीदने पंजाब जा चुका है। वह अपने ट्रक में ड्रग्स छिपाकर लाता था। उसका पंजाब व हरियाणा के ड्रग्स तस्करों से सीधा कनेक्शन है, जो पाकिस्तान से ड्रग्स मंगाकर देते हैं।




पाउच, चॉकलेट के रैपर में भी सप्लाई
चाय डिस्पोजल, चॉकलेट के रैपर, गुटखे की पाउच, माचिस की डिब्बी से समेत अलग-अलग वस्तुओं में ड्रग्स की तस्करी की जाती है, ताकि किसी को शक न हो। ले जाने में भी किसी तरह की दिक्कत न हो।
मनमोहन ने बेचे 2 करोड़ के ड्रग्स
मनमोहन से 200 लोग जुड़े हुए हैं जो ड्रग्स खरीदते हैं। मनमोहन ने पिछले ढाई साल में दो करोड़ रुपए का ड्रग्स बेचा है। आरोपी के खाते में 250 बार ट्रांजेक्शन हुआ है।

अब जानिए पूरा मामला
21 अगस्त को एन्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि वेदांत वाटिका के पास 1 व्यक्ति अपने पास हेरोइन(चिट्टा) रखा है। जिसे बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है।
खुफिया सूचना मिलते ही अधिकारियों ने आरोपियों को फौरन गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जिसके कबीर नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की जॉइंट टीम ने आरोपी की घेराबंदी की।
आरोपी का नाम मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू निवासी हीरापुर था। पुलिस ने जब जग्गू की तलाशी ली तो उसके पास हेरोइन मिली।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पंजाब का तस्कर उसे माल खपाने के लिए देता है, जिसे वह यहां अपने डिस्ट्रीब्यूटर विजय मोटवानी और भूषण शर्मा को देता था। फिर दोनों डिस्ट्रीब्यूटर अन्य लोगों को सप्लाई करते थे।
घर पर नशीले सामान के साथ मिले अन्य आरोपी
पुलिस में जग्गू से मिले इनपुट के बाद हीरापुर क्षेत्र के वीर सावरकर नगर, जरवाय तालाब के पास स्थित मकान और आरडीए कॉलोनी में एकसाथ रेड मारी।
जहां आरोपी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू की पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को पकड़ा गया।
पुलिस को तलाशी में मकान से भी नशीला पदार्थ मिला है। जांच में पाया गया कि आरोपी विजय मोटवानी अपने दोपहिया वाहन में घूम-घूम कर हेरोइन(चिट्टा) खपाने का काम करता था।
273.19 ग्राम हेरोइन, 57 लाख का माल जब्त
इस मामले में 2 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन(चिट्टा) बरामद किया गया। 1 दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में धारा 21बी, 21सी, 29 एनडीपीएस एक्ट और 111 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

19 साल से 30 के बीच के सभी आरोपी
रायपुर SSP डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपियों की उम्र 19 साल से 30 साल के बीच है। इनमें से 2 आरोपी कॉलेज के स्टूडेंट है। जिनमें से एक युवती CA की पढ़ाई कर रही है। पुलिस को इनके बैंक अकाउंट में पैसे के लेनदेन भी मिले हैं।
SSP ने बताया कि इन आरोपियों का हेरोइन को ग्राहकों तक सप्लाई करने के लिए वीडियो और लोकेशन शेयरिंग प्रमुख माध्यम था। हेरोइन को आरोपी किसी जगह पर रखकर ग्राहक लोकेशन भेज देते थे। इनमें से एक आरोपी भूषण शर्मा कोतवाली थाना इलाके में हेरोइन सप्लाई करते पकड़ाया है।




