Uncategorized

मुंबई में एअर इंडिया का विमान रनवे से फिसला:भारी बारिश के कारण लैंडिंग के समय हादसा; इंजन को नुकसान, 3 टायर फटे

By Dinesh chourasiya

मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एअर इंडिया का AI2744 प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। ये विमान कोच्चि से मुंबई आया था। मुंबई में भारी बारिश के कारण रनवे पर फिसलन थी, जिससे विमान रनवे से 16 से 17 मीटर दूर घास पर चला गया।

ये हादसा सुबह 9:27 बजे हुआ। तस्वीरों में दिखा कि विमान के दाहिने इंजन के नैसेल (ढक्कन) को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद विमान को पार्किंग तक लाया गया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को उतारा गया। इस दौरान विमान के तीन टायर फट गए।

एअर इंडिया ने बताया कि हादसे में किसी पैसेंजर्स या क्रू मेंबर्स को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि मुंबई एयरपोर्ट का मेन रनवे, 09/27 क्षतिग्रस्त हुआ है। रनवे पर फ्लाइट्स की आवाजाही बंद कर दी गई है। रनवे किनारे तीन साइनेज बोर्ड और चार लाइटें भी टूट गईं।

हादसे में क्षतिग्रस्त विमान की तस्वीरें…

रनवे से फिसलने के कारण विमान के दाहिने इंजन के फ्रेम को भी नुकसान पहुंचा है।
हादसे में विमान का एक पंख भी क्षतिग्रस्त हुआ।
हादसे में विमान का एक पंख भी क्षतिग्रस्त हुआ।
विमान के पिछले हिस्से में घास और कीचड़ चिपका हुआ दिखा।

DGCA की टीम जांच के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंची नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की एक टीम मामले की जांच के लिए एयरपोर्ट पहुंची है। एअर इंडिया के अनुसार, विमान की जांच जारी है। दोनों पायलटों को हटा दिया गया है और इस घटना के कारणों की जांच जारी है।

मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन्स चालू रखने के लिए दूसरा रनवे, 14/32 शुरू कर दिया गया है। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक है। यहां पर दो रनवे हैं।

मुंबई में रातभर की बारिश में सड़कें डूबीं मुंबई में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक भारी बारिश हुई। रातभर की बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के कारण मुंबई के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही भी काफी धीमी हो गई।

बीएमसी के अनुसार, रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक, पिछले 24 घंटों के दौरान, मुंबई में औसतन 23.45 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ईस्ट मुंबई में 36.42 मिमी और वेस्ट मुंबई में 50.02 मिमी बारिश हुई।

Related Articles

Back to top button