
रायपुर में बेटे चैतन्य से मिलने पहुंचे भूपेश बघेल, बेटी-बहू भी साथ:ED ऑफिस के एक कमरे में हैं बंद; शराब घोटाले में हुई है गिरफ्तारी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी के बाद रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। इस बीच भूपेश बघेल बेटे चैतन्य से मिलने ED ऑफिस पहुंचे हैं। बघेल के साथ उनकी बेटी और बहू भी मौजूद है। 18 जुलाई को शराब घोटाला केस में चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी हुई थी।
22 जुलाई तक ED ने उन्हें अपनी रिमांड पर लिया है। जानकारी के मुताबिक रायपुर के ED ऑफिस के एक कमरे में चैतन्य को बंद कर रखा गया है। जहां अधिकारी केस से जुड़ी पूछताछ कर रहे हैं। बेटे से मुलाकात के बाद रविवार रात भूपेश बघेल नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।








एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले भूपेश
शनिवार (19 जुलाई) को इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई इसमें भूपेश बघेल समेत पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद थे।
भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे नेताओं को जबरन फंसाया जा रहा है। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवेंद्र यादव को फंसाया गया। अब मेरे बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया गया है, जो राजनीति में भी नहीं है। एक तरफ जंगल काटे जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई हो रही है।









