Uncategorized

दुर्ग के इंदिरा मार्केट में फिर से चला निगम का बुलडोजर दुकानदार बोले- हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी व्यवस्थापन नहीं; अधिकारी बोले-तय जगह में नहीं जाना चाह रहे

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। नगर निगम की टीम 28 जून की सुबह इंदिरा मार्केट पहुंची जहां अतिक्रमण हटाया गया। शहर का यह सबसे व्यस्ततम मार्केट है जहां कपड़े और जूते की दुकान है।

जानकारी के मुताबिक, 2 महीने पहले यहां अतिक्रमण हटाया गया था, बावजूद इसके फिर से कब्जा कर लिया गया था। जिनका दुकान हटाया गया है ऐसे प्रभावित लोगों का कहना है कि हाईकोर्ट ने व्यवस्थापन का आदेश दिया था, बावजूद इसके उन्हें अभी तक जगह नहीं दी गई।

वहीं, निगम के अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों के लिए जगह तय किया गया है लेकिन वे तय जगह में नहीं जाना चाहते।

70 अतिक्रमणकारियों पर बेदखली की कार्रवाई

शहर को अतिक्रमण मुक्त करने की पॉलिसी के तहत 2 महीने पहले भी निगम क्षेत्र के बोरसी, आदित्य नगर, पचरी पारा, चंडी मंदिर, रेलवे स्टेशन के सामने और इंदिरा मार्केट एरिया में मुख्य मार्गों पर ठेला – खोमचा और फुटपाथ पर कब्जा कर दुकान लगाने वाले 70 से अधिक अतिक्रमणकारियों पर बेदखली की कार्रवाई की गई थी।

कार्रवाई में नगर निगम का अमला पुलिस फोर्स के साथ पहुंची थी। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुई कार्रवाई की वजह से अतिक्रमणकारी विरोध नहीं कर पाए और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया था।

कार्रवाई के बावजूद उसी जगहों पर फिर कब्जा किया जा रहा था। फल सब्जियों के ठेले, जूता चप्पल और कपड़े की दुकान लगा रहे थे। 28 जून को इन पर फिर से कार्रवाई करने नगर निगम का अमला बुलडोजर लेकर पहुंचा और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की।

तैनात भारी पुलिस बल की वजह से शांतिपूर्वक इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया । इसलिए मौके पर मौजूद दुकानदार विरोध नहीं कर पाए।

हाइकोर्ट के आदेश के बाद भी व्यवस्थापन नहीं

बेदखली के शिकार हुए प्रेमचंद जैन, जमाल खान, कपड़ा व्यापारी गुलाम मुर्शिद सहित दुकानदारों ने कहा कि 2010 अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हमें इस जगह से हटाया गया था तो रसीद काटकर महिला समृद्धि बाजार में दुकान आवंटन की बात कही थी लेकिन दुकान नहीं दिया गया।

2018 में हुए कार्रवाई के बाद हमने हाईकोर्ट में अपील की थी हाई कोर्ट ने निगम को आदेश दिया था कि अतिक्रमण की जड़ में आ रहे दुकानदारों का जल्द से जल्द व्यवस्थापन किया जाए लेकिन हाई कोर्ट का भी आदेश यह लोग नहीं मान रहे हैं।

इसके अलावा निगम प्रशासन अफवाह फैला रही है कि स्टेट बैंक के पास स्थित परिसर में हमें दुकान आवंटित कर दिया गया है। लेकिन हमें दुकान नहीं मिला है निगम इसकी जांच कर सकता है। अभी तक उन्हें व्यवस्थापन नहीं किया गया है।

तय जगह में नहीं जाना चाहते दुकानदार

नगर निगम दुर्ग के बाजार अधिकारी शुभम गोईर ने कहा कि 2 महीने पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। जिस पर कुछ लोगों ने फिर से अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहे थे जिसकी जानकारी मिलने पर आज निगम ने फिर कार्रवाई की ।

हटाए गए दुकानदारों के आरोप पर दुर्ग निगम आयुक्त समित अग्रवाल ने व्यवस्थापन की बात पर कहा कि हमने कुछ जगह का चयन कर दुकानदारों को दिखा था लेकिन उस जगह पर जाना नहीं चाहते। आज फिर से हमने लिखित में उन्हें तय जगह देखने के लिए कहा है। यदि वे चाहे तो हम वह जगह आवंटित कर देंगे।

आयुक्त ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार के साथ , निगम की जमीन के संरक्षण के उद्देश्य से नगर निगम दुर्ग की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी ।

Related Articles

Back to top button