Uncategorized

भिलाई में सड़क दुर्घटना में बच्ची की मौत मामले में , परिजन पहुंचे SP ऑफिस:अधिकारी बोले- पोस्टमॉर्टम कराएं, कानून की मदद करें; आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेक्टर-2 फुटबाल ग्राउंड से फुटबाल खेलकर जा रही बच्ची को एक कार ड्राइवर ने चपेट में ले लिया। इससे बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में परिजनों एसपी ऑफिस जाकर विरोध जताया और आंदोलन की चेतावनी दी।

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने उनकी पूरी समस्या को सुना और कहा कि वो बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम कराएं और आंदोलन करने की जगह कानून की मदद करें। नियम से काम करने पर आरोपी भी पकड़ा जाएगा और मुआवजा भी दिलाया जाएगा। इसके बाद परिजन शांत हुए।

आम आदमी पार्टी के भिलाई विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष जसप्रीत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आरटीआई विंग मेहरबान सिंह ने एसपी से कहा कि पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।

बच्ची की हादसे में मौत, एसपी से मिले परिजन।

मेहरबान सिंह ने कहा कि उस रोड पर जितने भी कैमरे लगे हुए हैं वो खराब है। उनको ठीक किया जाए। साथ ही पुलिस ये पता लगाए की दुर्घटना करने वाली कार का चालक कौन था? कार कौन चला रहा था? किसके नाम पर कार रजिस्टर्ड है? इसका पुलिस जल्द से जल्द पता लगाए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। बाकी रोड एक्सीडेंट के प्रकरणों की तरह इस फाइल को बंद ना कर दिया जाए।

SSP ने कहा ये बिहार नहीं छत्तीसगढ़ है

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने उनकी पूरी बात को सुना और ज्ञापन को पढ़ा। इसके बाद उन्होंने कहा कि बच्ची के पिता को मुआवजा दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन पहल कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह बिहार नहीं छत्तीसगढ़ राज्य है। आप कानून की मदद करें चक्का जाम आदि कोई भी कार्यक्रम करने से आपको मुआवजा प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

आप अपनी बच्ची का पोस्टमॉर्टम नहीं करा रहे हैं, इससे आपको मुआवजा मिलने की प्रक्रिया में बाधा आएगी। मुआवजा मिलने की प्रक्रिया तब तक पूर्ण नहीं हो सकती जब तक अंशिका का पोस्टमॉर्टम नहीं होता है। इसलिए आप जल्द से जल्द बच्ची का पोस्टमॉर्टम करवाएं।

25 हजार की मिली सहायता राशि

जिला प्रशासन ने अंशिका के पिता परमेश्वर को 25 हजार रुपए की प्रशासनिक मदद दी है। साथ ही यह आश्वासन दिया है कि बाकी मुआवजे की राशि के लिए प्रक्रिया चल रही है। एक महीने के अंदर उन्हें वह राशि भी मिल जाएगी। पीड़ित परिजनों को लगभग चार लाख रुपए की मदद दिए जाने की बात कही गई है।

भाई के साथ साइकिल से जाते समय हादसा

आपको बता दें कि 29 मई को गैरेज रोड सेक्टर 2 स्थित फुटबॉल ग्राउंड से सुबह 9:30 बजे अंशिका अपने भाई अंश के साथ फुटबॉल खेल करके साइकिल से वापस अपने घर खुर्सीपार जा रही थी। इसी दौरान पावर हाउस से दुर्ग की दिशा में आ रही एक कार ने उनको टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना में अंशिका और उसके भाई को गंभीर चोट आई। अंशिका का इलाज श्रीशंकराचार्य अस्पताल में चला। वहां 2 जून को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने भट्ठी थाने का घेराव किया था और सीसीटीवी कैमरा लगाने वाले ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी।

Related Articles

Back to top button