
चंडीगढ़ में देश के लिए मर मिटने को तैयार युवा डिफेंस वॉलंटियरर्स की भर्ती में युवाओं की भीड़:बोले- पाकिस्तान से लड़ने को तैयार हैं, बस बंदूक दे दो
By Dinesh chourasiya
भारत के ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद से युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। इसी को देखते हुए चंडीगढ़ में रखे गए डिफेंस वॉलंटियर्स की भर्ती कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश सेवा का जज्बा लिए इतनी संख्या में युवा पहुंच गए कि कार्यक्रम को शिफ्ट करना पड़ा। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
युवाओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद और भारत जिदांबाद के नारे लगाए। कहा कि वे पाकिस्तान से लड़ने के लिए आए हैं। वे अपनी सेना और देश के साथ खड़े हैं, बस उन्हें बंदूक दे दो, हम हर मोर्चा संभाल लेंगे। डिफेंस वॉलंटियर्स बनने के लिए लड़कियों की संख्या भी काफी रही, जिनका कहना था कि सेना जो उनके लिए कर रही है, अब उनका फर्ज बनता है कि वे भी देश और सेना के लिए कुछ करें।







वॉलंटियर्स भर्ती में उमड़ी भीड़, 3 PHOTOS…



यहां जानिए वॉलंटियर्स की भर्ती में क्या-क्या हुआ…
सेक्टर-18 में रखा गया था भर्ती कार्यक्रम पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे हमलों के प्रयास के बीच चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से वॉलंटियर्स की भर्ती और ट्रेनिंग को लेकर सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में कार्यक्रम रखा था। डीसी निशांत यादव ने कहा था कि भारत-पाक सीमा पर संभावित आपात स्थिति को देखते हुए जो नागरिक देश और समाज सेवा करना चाहते हैं, वे वॉलंटियर के तौर पर आगे आएं। बताया गया था कि वॉलंटियर्स को आपात स्थिति में आम लोगों की सहायता के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि युद्ध जैसे हालात में प्रशासन को स्थानीय स्तर पर मदद मिल सके।




सुबह से ही लगने लगी युवाओं की लाइन चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से वॉलंटियर्स की भर्ती और ट्रेनिंग के लिए सुबह साढ़े 10 बजे का टाइम दिया गया था। मगर, सुबह से ही युवक-युवतियां पहुंचने शुरू हो गए। साढ़े 10 बजे तक इतनी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे, जिन्हें संभालने के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ा। टैगोर थिएटर में हालात ऐसे हो गए कि वहां पैर रखने की जगह तक नहीं रही। इसके बावजूद भी युवाओं की भीड़ बढ़ती जा रही थी।
बदला गया भर्ती स्थल, पाक मुर्दाबाद के नारे लगे टैगोर थिएटर में 1000 लोगों की कैपेसिटी थी, लेकिन शनिवार को पहुंची भीड़ इससे कई गुना ज्यादा थी। हालात बिगड़ते देख प्रशासन को तत्काल फैसला लेना पड़ा और कार्यक्रम को सेक्टर-17 के एक बड़े स्थल पर शिफ्ट कर दिया गया। टैगोर थिएटर से सेक्टर 17 तिरंगा पार्क जाते हुए युवा भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान मुर्दाबाद के भी नारे लगाए। युवक-युवतियों में देश सेवा के प्रति जज्बा देखने लायक था।
बाहरी युवा भी पहुंचे रजिस्ट्रेशन करवाने टैगोर थिएटर में भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए चंडीगढ़ से बाहर के युवा भी पहुंच गए थे। इसे देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने उनसे रजिस्ट्रेशन न करवाने की अपील की। कहा गया कि जो लोकल होंगे, उनसे ही मदद ली जा सकती है। बाहरी लोगों का तत्काल मौके पर पहुंचना संभव नहीं हो पाता है। इसलिए वे रजिस्ट्रेशन कराएं।




