CG में खाने मिली मरी हुई छिपकली, 65 बच्चे पहुंचे हॉस्पिटल मिड डे मील खाने वाले बच्चों को होने लगी उल्टी
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में तुर्रीपानी प्राइमरी स्कूल के मिड-डे मील में मरी हुई छिपकली मिली है। इसी भोजन को खाने से 20 से 25 बच्चे बीमार हो गए। 10 बच्चों को उल्टी और पेट में दर्द होने लगा। एहतियातन करीब 65 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, सभी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत गजाधरपुर के तुर्रीपानी प्राइमरी स्कूल में गुरुवार को बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाया गया था। यही खाना सभी बच्चों को खिलाया गया। बच्चे खा रहे थे, तभी वंशिका नाम की बच्ची की थाली में मरी हुई छिपकली निकली। तब तक 65 से अधिक बच्चे खाना खा चुके थे।








अचानक बच्चों को होने लगी उल्टियां
खाना खाने के बाद कुछ बच्चों को उल्टी और पेट में दर्द होने लगा। इसकी सूचना हेडमास्टर सरस्वती गुप्ता ने बीईओ रामपत यादव को दी। जिन बच्चों की तबीयत बिगड़ी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया। जहां इलाज किया गया। बीईओ रामपत यादव समेत अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए।

सभी बच्चे खतरे से बाहर स्कूल में मध्यान्ह भोजन खाने वाले सभी बच्चों को बाद में खोज-खोजकर हॉस्पिटल लाया गया और उन्हें नमक पानी पिलाकर उल्टी कराई गई। कुछ बच्चों को पेट दर्द की शिकायत थी, कुछ को मितली आ रही थी।





हॉस्पिटल लाए गए करीब 10 बच्चों को ज्यादा उल्टी हो रही थी। एक बच्चे की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी। उपचार के बाद सभी की हालत अब सामान्य है। बीईओ रामपत यादव ने बताया कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें निगरानी में रखा गया है।
खाना बनाने के दौरान छिपकली गिरने की आशंका स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए तीन सहायिकाएं हैं। आशंका है कि खाना बनाने के दौरान छिपकली गिरी थी। स्कूल में आज 101 बच्चे उपस्थित थे, जिनके लिए मध्यान्ह भोजन बनाया गया था। हालांकि स्कूल में दर्ज संख्या करीब 150 है।




