भिलाई के खुर्सीपार में MLA देवेंद्र यादव के प्रतिनिधि के घर CBI की दबिश:मकान में ताला लटका मिला, बिना पूछताछ किए फोटो खींचकर लौटी टीम
By Dinesh chourasiya

सीबीआई की टीम गुरुवार को फिर भिलाई पहुंची। उन्होंने खुर्सीपार निवासी भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के प्रतिनिधि भोलू श्रीवास्तव के घर पर छापा मारा। लेकिन घर पर ताला लगा था। इसलिए वे घर की तस्वीरें लेने के बाद लौट गए।
दरअसल, महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सीबीआई की टीम लगातार दुर्ग और रायपुर के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 3 अप्रैल की सुबह सीबीआई की टीम भिलाई नगर विधायक के प्रतिनिधि राकेश उर्फ भोलू श्रीवास्तव के घर पहुंची। टीम में सुरक्षा कर्मी और कई अधिकारी थे।








घर में ताला लटका मिला
टीम के अधिकारी गाड़ी से उतरे तो भोलू श्रीवास्तव के घर पर ताला लगा हुआ था। टीम ने न तो पड़ोसियों से कुछ पूछा और न ही घर में कोई नोटिस चस्पा किया। फोटो वीडियोग्राफी करने के बाद पूरी टीम वापस लौट गई।
भोलू श्रीवास्तव विधायक देवेंद्र यादव के काफी करीबी हैं। वो भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा और बजट बैठक में विधायक प्रतिनिधि के रूप में शामिल होते रहे हैं। जिस समय सीबीआई की टीम वहां पहुंची उनके साथ लोकल पुलिस भी मौजूद रही।




छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि, सीबीआई की टीम भोलू श्रीवास्तव के घर सुबह आई थी। वो भी वहां पहुंचे थे। टीम ने भोलू के घर का फोटो वीडियो खींचा और फिर लौट गई।
विधायक देवेंद्र यादव के घर भी पहुंची थी सीबीआई
सीबीआई की टीम कुछ दिन पहले भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के घर पहुंची थी। उस दौरान विधायक के बाहर होने के चलते टीम ने उनके घर की तलाशी ली और घर वालों से पूछताछ करके लौट गई। इसके बाद अब टीम उनके विधायक प्रतिनिधि के घर पहुंची थी।




