
CG में मास्टर्स लीग सेमीफाइनल रायपुर में आज सचिन तेंदुलकर-वॉटसन की टीम भिड़ेगी:पास के हिसाब से गाड़ियों की पार्किंग;दोपहर 3 से रात 1 बजे तक भारी-वाहनों को नो-एंट्री
By Dinesh chourasiya
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज (गुरुवार) शाम इंटरनेशनल मास्टर्स लीग का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। सचिन तेंदुलकर की अगुआई वाली इंडिया मास्टर्स का मुकाबला शेन वॉटसन की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स से होगा। वहीं 14 मार्च को श्रीलंका मास्टर्स और वेस्टइंडीज मास्टर्स के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। 16 मार्च को फाइनल होगा।
आज के सेमीफाइनल मैच के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने रूटमैप जारी किया है। इसमें स्टेडियम पहुंचने के आसान रास्ते बताए गए हैं। इसके अलावा पास के हिसाब से दर्शकों को गाड़ी पार्क करना होगा। रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम/भारी गाड़ियों की एंट्री दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक बैन की गई है। इस रास्ते की जगह पर वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग कर सकते हैं।








इससे पहले बुधवार को हुए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने इंग्लैंड मास्टर्स को 3 विकेट से हराया। इंग्लैंड मास्टर्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स 19.1 ओवर में 7 विकेट खोकर 210 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
सेमीफाइनल की टक्कर-
- 13 मार्च- ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स बनाम इंडिया मास्टर्स
- 14 मार्च- श्रीलंका मास्टर्स बनाम वेस्टइंडीज मास्टर्स
- 16 मार्च को फाइनल होगा

स्टेडियम किन रास्तों से होकर जाएं जानिए…




रायपुर शहर से होकर क्रिकेट स्टेडियम जाने के लिए मार्ग व्यवस्था– तेलीबांधा थाना तिराहा नेशनल हाईवे-53 होकर सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, यहां से नया रायपुर मार्ग होकर स्टेडियम तिराहा से सांई अस्पताल रोड, सांई अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेंगे।
बिलासपुर की ओर से स्टेडियम आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग व्यवस्था– बिलासपुर-रायपुर, धनेली नाला से रिंग रोड नंबर-03 होकर विधानसभा चौक, राजू ढाबा रिंग रोड नंबर-03 जंक्शन होकर नेशनल हाईवे क्रमांक-53 से मंदिर हसौद, नवागांव से स्टेडियम टर्निंग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग, कोसा पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
बलौदाबाजार-खरोरा की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए व्यवस्था– बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग में विधानसभा ओवरब्रिज चौक से रिंग रोड नंबर-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा रिंग रोड नंबर-03 जंक्शन होकर नेशनल हाईवे क्र-53 से मंदिर हसौद, नवागांव से स्टेडियम टर्निंग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग और कोसा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
जगदलपुर-धमतरी मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए व्यवस्था- अभनपुर से केंद्री, उपरवारा, मंत्रायल चौक, कोटराभाठा, सेंध तालाब होकर सांई अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेंगे।
दुर्ग-भिलाई की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए व्यवस्था- टाटीबंध से रिंग रोड 1 होकर पचपेढ़ीनाका, तेलीबांधा थाना तिराहा नेशनल हाईवे 53 होकर सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नया रायपुर मार्ग होकर स्टेडियम तिराहा पहुंचेंगे। फिर सांई अस्पताल रोड होकर सत्यसांई अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर स्टेडियम पैदल पहुंचेंगे।
महासमुंद-सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए व्यवस्था- आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग होकर स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा पार्किंग और कोसा पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंचेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए मार्ग और पार्किंग- पासधारी वाहन जिन्हें पार्किंग पास A,B,C,D,R-1,R-2 जारी हुआ है, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर नया रायपुर प्रवेश मार्ग से स्टेडियम टर्निंग, डॉ खूबचंद बघेल चौक, ग्राम सेंध सेक्टर-04/10 होकर स्टेडियम पार्किंग A,B,C,D,R-1,R-2 में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।




