Uncategorized

भिलाई तीन मुक्ता सिनेमा में लूट करने वाले आरोपी गिरफ्तार:जिस टॉकीज को लूटा आरोपी उसमें रह चुका है मैनेजर, एक आरोपी फरार

By Dinesh chourasiya

मुक्ता सिनेमा में लूट का एक आरोपी गिरफ्तार - Dainik Bhaskar

दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत स्थित मुक्ता सिनेमा में 9 दिसंबर 2024 की लूट के आरोपियों का पता चल गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को भोपाल मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड में लिया है।

जिस आरोपी को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है उसका नाम सुनील सिंह राजपूत (28 साल) है। वो पहले मुक्ता सिनेमा में मैनेजर की पोस्ट में नौकरी करता था। इसके बाद उसने जॉब छोड़ दी थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे मुक्ता सिनेमा के बारे में लॉकर की चाबी सभी के बारे में पहले से पूरी जानकारी थी।

सिनेमा में पुष्पा 2 फिल्म लगी थी। वो सभी जगह हाउसफुल चल रही थी। सुनील के पास जॉब ना होने से वो आर्थिक तंगी से परेशान था। इसलिए उसने अपने दोस्त के साथ मुक्ता को लूटने का प्लान बनाया। वो भोपाल से ट्रेन में बैठकर दुर्ग आया और उसके बाद बाइक से अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा और लूट की वारदात को अंजाम देकर वापस भोपाल चला गया।

पुष्पा मूवी के चलते हाउस फुल चल रही थी टॉकीज

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड में लिया है, वहीं दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए टीम रवाना हो गई है। दूसरा आरोपी आने के बाद पुलिस मामले का खुलासा करेगी, कि कैसे उन लोगों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

9 दिसंबर 2024 को हुई थी लूट की वारदात

छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि 9 दिसंबर 2024 को तड़के 4 बजे बाइक में सवार दो नकाबपोश मुक्ता ए 2 सिनेमाघर के अंदर घुस गए। उस समय पुष्पा 2 मूवी हाउसफुल चल रही थी। उसकी रकम को लूटने के लिए दो आरोपी हथियार के साथ टॉकीज के अंदर घुसे थे।

सिनेमा के अंदर घुसते ही उन्होंने सबसे पहले चाकू की नोक पर सिक्योरिटी गार्ड नोहर देवांगन से मारपीट की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसके पास से लॉकर की चाबी लेकर उसमे से 1 लाख 34 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए थे।

स्टॉफ ने गार्ड को रूम से बाहर निकाला

सुबह की शिफ्ट में जब सिनेमा का दूसरा स्टॉफ पहुंचा तो उन्होंने देखा कि सिनेमा का गेट खुला है। उन्होंने गार्ड को खोजा तो पाया कि वो एक कमरे में बंद है। जब गार्ड को बाहर निकाला गया तो उसने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सिनेमाघर के मालिक ने पुरानी भिलाई थाने में लूट की शिकायत दर्ज करायी थी।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। टॉकीज के मैनेजर ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए। पुलिस ने टॉकीज के सीसीटीवी सहित आसपास के लगभग 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। वहीं से पुलिस को पुख्ता क्लू मिला।

लूट के पैटर्न से पकड़ाए आरोपी

सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाला और घटना की बारीकी से जांच की तो पाया कि आरोपियों ने हुबहू उसी पैटर्न में वारदात को अंजाम दिया है, जिस पैटर्न में इंदौर में हुई थी। इसके बाद आरोपियों की तलाश करने एक विशेष टीम को लगाया गया। टीम आरोपियों के हुलिए के आधार पर भोपाल तक पहुंची और उसे गिरफ्तार भिलाई लाई।

लोकल इंवाल्वमेंट को खोज रही पुलिस

पुलिस इस मामले में लोकल इंवाल्वमेंट को भी खोज रही है। पुरानी भिलाई पुलिस का कहना है कि सुनील सिंह और उसका दोस्त दोनों भोपाल के रहने वाले हैं। वो भले ही यहां मैनेजर रहा है, लेकिन इतनी दूर लूट की वारदात को अंजाम देने अकेले कैसे आ गया। पुलिस का कहना है कि इस घटना में जरूर किसी ना किसी का लोकल इंवाल्वमेंट है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी और यदि क्लू मिला तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button