
देश में पहली बार पालतू बिल्लियों में बर्ड फ्लू सैंपल की रिपोर्ट में पॉजिटिव; मटन-चिकन, अंडे की 1 महीने तक खरीदी-बिक्री पर रोक
By Dinesh chourasiya
छिंदवाड़ा में बर्ड फ्लू से पालतू बिल्लियों की मौत के बाद चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। 30 दिन के लिए मटन-चिकन और अंडों की खरीदी-बिक्री पर पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही संक्रमित क्षेत्र की सभी मटन और चिकन की दुकानों को सील कर दिया गया है।
दरअसल, जिले में पिछले दिनों करीब 18 बिल्लियों की मौत हो गई थी। जिसके बाद 15 जनवरी को 4 और 22 जनवरी को 3 बिल्लियों के सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरलॉजी भेजे गए थे। 31 जनवरी को आई रिपोर्ट में इनमें से दो पालतू बिल्लियों के सैंपल H5N1 (बर्ड फ्लू) पॉजिटिव मिले थे। देश में ऐसा पहली बार है, जब घरेलू बिल्लियों में बर्ड फ्लू पाया गया है।







पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जीएस पक्षवार ने बताया कि

मृत बिल्लियों को कच्चा मांस जिन दुकानों से खिलाया गया था, उन 2 दुकानों विक्की चिकन सेंटर और नावेल्टी सेंटर के यहां सैंपलिंग की गई, जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। प्रभावित क्षेत्र में प्रोटोकॉल का पालन कर संबंधित क्षेत्र में मटन, मुर्गी और अंडों को नष्ट किया गया था। साथ ही मार्केट में इनके क्रय विक्रय पर पाबंदी लगा दी गई थी।





सभी 65 व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में पशु विभाग की ओर से लिए गए सैंपल में 2 बिल्लियों के सैंपल में H5N1 पॉजिटिव पाए जाने के बाद सीएमएचओ ने एक टीम बनाई थी। टीम ने संक्रमित क्षेत्र में बिल्लियों के संपर्क में आए 65 व्यक्तियों के सैंपल H5N1 की जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरलॉजी, पुणे भेजे गए थे। सभी 65 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आने से फिलहाल छिंदवाड़ा में H5N1 का खतरा टल गया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

एक महीने के लिए सभी दुकानें बंद 31 जनवरी को बिल्लियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए संक्रमित क्षेत्रों में 30 दिनों के लिए सभी मटन और चिकन दुकानों को सील कर दिया था। जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मटन और चिकन दुकानों और आसपास के इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। नगर निगम के वार्ड नंबर 6, 7, 8, 28, 29, 30, 31, 41 और 45 को संक्रमित घोषित किया गया था। इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र और ग्राम पंचायत लिंगा को निगरानी क्षेत्र में रखा गया है।
प्रशासन ने उठाए ये कदम:
- सभी चिकन दुकानें और पोल्ट्री फॉर्म तत्काल बंद कर दिए गए।
- चिकन और पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री व परिवहन पर रोक लगा दी।
- संक्रमित क्षेत्र की सभी मुर्गियों और उनके उत्पादों को नष्ट करने का आदेश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट-चिकन और अंडे न खाएं स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में चिकन दुकान मालिकों और पशुपालकों के परिवारों के सैंपल लेने के बाद नागरिकों से अपील की है कि वे चिकन और अंडों का सेवन न करें। साथ ही अपने पालतू जानवरों को कच्चा मांस न खिलाएं। बीमार या मृत पक्षियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रख रहा है। नागरिकों से भी सतर्क रहने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
कलेक्टर की अपील- गाइडलाइन का पालन करें छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने बताया कि

रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बिल्लियों की मौत सहित दुकानों के संबंधित क्षेत्र को एपिसेंटर बनाकर 1 किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया है। वायरस को स्प्रेड की रोकथाम के लिए गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है।

40 हजार अंडे नष्ट किए और 500 मुर्गे-मुर्गियां दफनाई रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए मटन मार्केट क्षेत्र से 40 हजार अंडे जब्त करके नष्ट किए। साथ ही 500 मुर्गे-मुर्गियां को जब्त किया और शहर के बाहर जामुनझिरी कचरा घर के पास गड्डा खोदकर दफना दिया गया।




