विधान सभा में भूपेश बोले- सरकार कांग्रेसियों की करा रही जासूसी:कहा- बैज के घर की रेकी करते पुलिसकर्मी पकड़ाया, विधानसभा में नारेबाजी; 20 विधायक सस्पेंड
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की जासूसी का आरोप लगाकर कांग्रेसी विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भ गृह तक पहुंच गए। सदन में नारे लगाए गए कि ED से डराना बंद करो जिसके बाद स्पीकर ने महंत सहित 20 कांग्रेसी विधायकों को सस्पेंड कर दिया। हालांकि 5 मिनट बाद ये सस्पेंशन खत्म कर दिया गया।
सदन में उमेश पटेल ने बताया, कि रायपुर में दंतेवाड़ा पुलिस के कुछ कर्मचारी और अधिकारियों को कांग्रेसियों ने पकड़ा है। इसे लेकर पूर्व सीएम भूपेश ने सोशल मीडिया पर दावा किया है, कि सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की जासूसी करवा रही है। पुलिसकर्मी उनके बंगले के बाहर रेकी करते मिले। घटना को लेकर विपक्ष के सदस्य सीट से उठकर नारेबाजी कर रहे थे।








इससे पहले डॉ रमन सिंह ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। उन्होंने लता उसेंडी को सवाल करने को कहा, लता उसेंडी ने स्वास्थ्य मंत्री से मेडिकल सप्लाई को लेकर सवाल किया। इस बीच डॉ रमन सिंह की मेज के करीब आकर कांग्रेसी विधायक नारेबाजी करते रहे।

लोकतंत्र के प्रति भाजपा के अविश्वास का एक और उदाहरण- भूपेश बघेल
इससे पहले भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा है कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को कौन सा डर सता रहा है कि विपक्ष के नेताओं की जासूसी करवा रही है?




रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के घर जासूसी करते हुए एक पुलिस अधिकारी को पकड़ा गया है। यह लोकतंत्र के प्रति भाजपा के अविश्वास का एक और उदाहरण है।

- विधानसभा कार्यवाही की तस्वीरें देखिए


————————————–




