Uncategorized

भिलाई और रिसाली निगम में 3 दिन पानी सप्लाई बंद:पाइप लाइन में लीकेज, फिल्टर प्लांट का मरम्मत होगा; बैकअप के लिए टैंकर की व्यवस्था

By Dinesh chourasiya

तीन दिनों तक नहीं होगी पेयजल सप्लाई - Dainik Bhaskar

भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्र में आने वाले तीन दिनों तक पेयजल सप्लाई बंद रहेगी। फिल्टर प्लांट के मरम्मत का काम चलेगा जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। आज यानि 18 फरवरी से संयंत्र को शटडाउन किया जा रहा है। बैकअप के लिए निगम ने टैंकर की व्यवस्था की है।

जानकारी के मुताबिक, भिलाई नगर द्वारा निर्मित 66 एम.एल.डी. जलशोधन संयंत्र से फिल्टर होने के बाद पानी की सप्लाई रिसाली और भिलाई के अलग-अलग वार्डों में की जाती है। इस संयंत्र में पानी भरने वाली राइजिंग पाइप लाइन में लीकेज की समस्या हो गई है, जिसका मरम्मत करना जरूरी हो गया है।

19 से 21 फरवरी तक मरम्मत का काम चलेगा

भिलाई नगर निगम के इंजीनियरों ने निर्णय लिया है कि वो 19 फरवरी की सुबह 9.30 बजे से जलशोधन संयंत्र में शटडाउन लेकर राइजिंग पाइप लाइन की मरम्मत का काम करेंगे। मरम्मत का काम 19 फरवरी से 21 फरवरी तक किया जाएगा। इसलिए इन तीन दिनों तक पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी।

इन क्षेत्रों में नहीं होगी पेयजल सप्लाई

पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत करने के दौरान 19 फरवरी की शाम को फरीद नगर और स्मृति नगर क्षेत्र में पानी सप्लाई बंद रहेगी। इसी तरह 20 और 21 फरवरी को नगर निगम भिलाई के नेहरू नगर, स्मृति नगर, फरीद नगर, स्लाटर हाउस, खम्हरिया एवं नगर निगम रिसाली के रूआबांधा, नेवई, मरोदा, रिसाली उच्च स्तरीय जलागारों में पेयजल सप्लाई पूरी तरह से बाधित रहेगी।

ट्रैफिक टावर के पीछे की लाइन में है लीकेज

66 MLD जल शोधन संयंत्र में पाइप लाइन के जरिए शिवनाथ नदी से पानी की आपूर्ति की जाती है। यह पाइप लाइन दुर्ग के अलग-अलग क्षेत्र से होते हुए 66 एमएलडी को जोड़ती है। इसी पाइप लाइन में नेहरू नगर स्थित ट्रैफिक टावर के पीछे लीकेज की समस्या हो गई है।

टैंकर से की जाएगी सप्लाई

गर्मी का मौसम ना होने से यूं तो पानी की उतनी समस्या नहीं होगी, लेकिन इसके बाद भी निगम प्रशासन ने टैंकर की व्यवस्था बैकअप के रूप में की है। यदि किसी वार्ड में अधिक पानी की किल्लत हुई तो वहां टैंकर के जरिए भी पानी की सप्लाई की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button