Uncategorized

दुर्ग में कच्चे मकान की दीवार ढहने से 2 मजदूरों की मौत:मलबे में दबे, नींव खुदाई करते वक्त हादसा, 2 को मामूली चोटें आई

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से 2 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, 2 अन्य मजदूर घायल हुए है। धमधा से 12 किलोमीटर दूर पेंड्रावन गांव में गुरुदेव नामक डॉक्टर के मकान में नींव का काम चल रहा था।

मिट्टी की खुदाई के दौरान साइड की कमजोर दीवार अचानक ढह गई, जिससे मलबे के नीचे दबकर कमल नारायण ठाकुर और ईश्वरी गायकवाड़ (41 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों पेंड्रावन के रहने वाले थे। मामला धमधा थाना क्षेत्र का है।

दीवार ढहने से दबा मजदूर, अस्पताल में तोड़ा दम।

परिजनों का आरोप- मौके पर कोई नहीं आया

ईश्वरी गायकवाड़ के परिवार में उनकी मां, पत्नी और तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिस डॉक्टर के यहां वे काम कर रहे थे, वह मौके पर नहीं पहुंचा और न ही उसने परिवार से संपर्क किया। परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है।

कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दब गए थे मजदूर।

एम्स लाने की तैयारी चल रही थी, तभी गई जान

ईश्वरी गायकवाड़ के भाई ने कहा कि इलाज के लिए पहले उसे धमधा ले गए। वहां से दुर्ग रेफर कर दिया गया। वहां इलाज चल रहा था। एम्स ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच उसकी मौत हो गई। 4 मजदूर काम कर रहे थे। 2 की मौत हुई है। बाकी 2 मजदूर बताएंगे कि हादसा कैसे हुआ।

जांच में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने दुर्ग जिला अस्पताल में दम तोड़ा। धमधा थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

……………………………

Related Articles

Back to top button