Uncategorized

छत्तीसगढ़ में कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश:धान बचाने की जद्दोजहद, फसल नुकसान की भी चिंता

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में कई जगह शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके बाद धान खरीदी केंद्र में धान को बचाने की जद्दोजहद देखने को मिली। साथ ही फसल नुकसान की भी चिंता किसानों को सताने लगी है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में बस्तर संभाग को छोड़कर चारों संभाग में बारिश के आसार जताए हैं।

बलरामपुर में 1 घंटे तक मुसलाधार बारिश हुई। यहां धान खरीदी केन्द्रों में लाखों का धान बारिश में भीगने लगा। रख रखाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, खरीदी प्रभारी भी नदारद रहे।

2 दिन बाद गिरेगा पारा

समुद्र से आ रही नमी के कारण बारिश की स्थिति बन रही है। अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। हवा में नमी बढ़ने से कई जिलों में शुक्रवार को दिन का पारा सामान्य से अधिक रहा।

रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा। वहीं 11 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। 2 दिन बाद 4 डिग्री तक रात का तापमान गिर सकता है।

 

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, पड़ सकती हैं बौछारें

आज बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो जगह गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले दो दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट आएगी।

समुद्र से आने वाली नमी के कारण राजधानी समेत पूरे प्रदेश में शनिवार को दिन में मौसम ठंडा रहेगा। बारिश होने के कारण दिन का तापमान कम रहेगा। ठंडी हवा चलेगी। इससे रात के तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी। शुक्रवार को भी रायपुर में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक है।

बिलासपुर में 30 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

दिसंबर के मौसम में भी शहर में ठंड का असर कम है। मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहे। इसके चलते अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। वहीं, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा रहा। पश्चिमी विभोग (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से आज शाम बारिश की संभावना है। इसके बाद 30 दिसंबर के बाद से फिर ठंड बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button