Uncategorized

भिलाई में नशेड़ियों ने पुलिसकर्मी को पीटा:युवक आपस में कर रहे थे लड़ाई, बीच-बचाव करने गए पुलिसकर्मी पर किया हमला, 4 गिरफ्तार

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम खेरधा में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। खेरधा गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आपसी विवाद शांत कराने पहुंचे प्रधान आरक्षक पर नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्राम खेरधा में घासीदास जयंती का कार्यक्रम चल रहा था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जामुल थाने से प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी (42) समेत अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान गांव के सतनाम भवन के पास कुछ युवक नशे की हालत में आपस में झगड़ने लगे। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

युवकों को समझाने का प्रयास कर रहे थे सूर्यवंशी

विवाद की सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक सूर्यवंशी ने मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाइश दी, लेकिन नशे में धुत युवक और अधिक उग्र हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मी से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते एकजुट होकर प्रधान आरक्षक पर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रधान आरक्षक के चेहरे, आंख और हाथ में चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया केस, भेजा जेल

घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने देर रात दबिश देकर पुलिस ने सहवाग बंजारे उर्फ भगत, भूपेंद्र, जितेश और चंदन बंजारे को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों की भी तलाश

पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि, मौके पर कई लोग विवाद कर रहे थे। लेकिन पुलिस से विवाद के बाद ज्यादातर लोग भाग गए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से अन्य संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर रही है।

Related Articles

Back to top button