Uncategorized

CG में सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत के बाद हंगामा:महासमुंद में लोगों ने नेशनल-हाईवे जाम किया; तीनों के शव रखकर मुआवजे की मांग

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बुधवार रात सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे 53 पर छुईपाली टोल प्लाजा के पास एक पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मृतकों के परिजन और सैकड़ों ग्रामीणों ने शवों काे सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया।

टोल प्लाजा पर शव रखकर प्रदर्शन करने के चलते वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस के साथ ही टोल प्लाजा प्रबंधन ने भी ग्रामीणों से बात की। करीब 6 घंटे बाद 1-1 लाख रुपए मुआवजे देने की बात पर प्रदर्शन खत्म किया गया।

दरअसल, जिस पिकअप से हादसा हुआ उसे रोड बनाने वाली कंपनी BSCPL ने किराए पर हायर किया हुआ है। घटना के दौरान पिकअप में नेशनल हाईवे में लगाए जाने वाले स्टॉपर लोड थे। इसी के चलते टोल प्लाजा प्रबंधन से लोग मुआवजा की मांग कर रहे थे।

टोल प्लाजा के पास प्रदर्शन के चलते ट्रकों की लंबी लाइन लग गई।
टोल प्लाजा के बाद मृतकों के परिजन और कई ग्रामीण नारेबाजी कर रहे थे।

सड़क से झाड़ियों में जाकर गिरे तीनों युवक

मामला बसना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छुईपाली टोल प्लाजा के पास रात करीब साढ़े आठ बजे गिधली के रहने वाले दुखनासन बारीक, प्रशांत बारीक और बानीपाली का रहना वाला मुकेश साहू एक बाइक पर सवार होकर सरायपाली से बसना आ रहे थे। इस दौरान एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी।

ये ठोकर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक बाइक सहित सड़क से दूर किनारे झाड़ियों में जा गिरे। तीनों को गंभीर हालत में बसना अस्पताल लाया गया। तीनों के सिर, पैर के अलावा अंदरूनी चोट आई थी। इलाज के दाैरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

दोपहर 12 बजे से धरने पर बैठे परिजन, अफसरों को भगाया

तीनों की मौत से आक्रोशित परिजन और सैकड़ों ग्रामीण गुरुवार दोपहर 12 बजे से शव लेकर धरने पर बैठे थे। ग्रामीण पहले 20 से 25 लाख मुआवजे की मांग कर रहे थे। इस बीच जब अफसरों ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार देने की बात कही तो ग्रामीण भड़क उठे और मौके से अफसरों को भगा दिया।

ये मांगें पूरा होने के बाद प्रदर्शन खत्म

कई दौर की बातचीत के बाद तय हुआ कि, BSCPL की ओर से मृतक के परिजनों को 1-1 लाख रुपए दिया गया। इसके साथ ही BSCPL इंश्योरेंस क्लेम करने में वकील का खर्च भी कंपनी उठाएगी। साथ ही मृतक के परिवार के सदस्य को अगर नौकरी करना चाहेंगे तो कंपनी नौकरी भी देगी।

इन मांगों को मानने के बाद परिजन शव लेकर अपने घर को लौटे। 6 घंटे बाद जाम खुला तो टोल गेट पर गाड़ियों की लाइन लग गई। हजारों वाहन चक्काजाम में फंसे हुए थे। वहीं एसडीएम मनोज कुमार खांडे ने बताया कि BSCPL के द्वारा मेरे हाथ से मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपए दिया गया है।

Related Articles

Back to top button