रायपुर में सुनील सोनी ने जन्मदिन पर विधायक पद की ली शपथ:अब मंत्री पद मिलने की अटकलें तेज़
By Dinesh chourasiya

रायपुर दक्षिण विधानसभा में जीत हासिल करने के बाद भाजपा नेता सुनील सोनी ने गुरुवार को विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा कार्यालय में सुनील सोनी ने अपने जन्मदिन के दिन शपथ ली। समर्थक ने भी उन्हें डबल बधाई दी। वहीं, सुनील को अब मंत्री पद मिलने की भी अटकलें चल रही हैं।
दरअसल, 23 नवंबर को रायपुर दक्षिण उपचुनाव के नतीजे आए थे। 46 हजार से ज्यादा वोटों से जीते सुनील सोनी ने यह चुनाव बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बन जाने की वजह से लड़ा था। दिलचस्प है कि जब पिछले लोकसभा चुनाव में सुनील सोनी रायपुर के सांसद थे। तब बृजमोहन दक्षिण से विधायक थे। अब बृजमोहन रायपुर के सांसद हैं, सोनी दक्षिण से विधायक हैं।







अब मंत्री पद को लेकर अटकलें
सुनील सोनी को अब मंत्री पद मिलने की अटकलें हैं। इसके पीछे सियासी वजह यह मानी जा रही हैं कि सुनील सोनी की जीत को पूरी भाजपा विष्णुदेव सरकार के 1 साल के कार्यकाल का रिपोर्ट-कार्ड मान रही है। साय कैबिनेट में बृजमोहन के बाद खाली मंत्री पद पर सुनील सोनी काे जगह दिए जाने की चर्चाएं हैं।
इनके नामों की भी चर्चा




साय कैबिनेट में 2 मंत्री पद खाली हैं। विस्तार जनवरी या फरवरी के बाद हो सकता है। मंत्री पद की रेस में लोकसभा चुनाव 2024 के तत्काल बाद से कुछ पुराने नामों के शामिल होने की बातें सामने आती रही हैं।
इनमें पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत के नाम हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री रह चुकीं रेणुका सिंह का नाम भी चर्चा में रहा है। इनके अलावा दुर्ग से गजेंद्र यादव और कोंडागांव से लता उसेंडी को साय कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
सीनियर नेताओं ने दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के शपथ दिलाने के बाद सुनील सोनी ने कहा कि, मैं अपने क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव कोशिश करूंगा। उनकी सेवा में समर्पित रहूंगा। उन्हें CM साय, मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, किरण सिंह देव, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहब ने बधाई दी।
16 दिसंबर को सदन का सत्र भी
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। इसे लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिवालय ने आधिकारिक जानकारी जारी की है। 5 दिनों तक सदन की कार्रवाई चलेगी। इसमें 4 बैठकें होंगी।
वित्तीय कार्यों सदन में होंगे। इस सत्र के दौरान प्रदेश में धान खरीदी, सरकारी नौकरियों में भर्ती, कानून व्यवस्था के मुद्दे उठेंगे। जल्द ही भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने विधायक दलों की बैठक भी सत्र को लेकर करेंगे।




