CG में TI समेत 6 पुलिसकर्मी लाइन अटैच:FIR दर्ज कराने आए युवक ने थाने में किया हंगामा,वीडियो वायरल होने पर एसपी ने की
By Dinesh chourasiya

बिलासपुर एसपी ने रतनपुर टीआई समेत 6 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। दरअसल, दो दिन पहले नशेड़ी युवक थाने में FIR दर्ज कराने पहुंचा था। इस दौरान वो जमकर हंगामा कर पुलिसकर्मियों को धमकी देने लगा। एसपी रजनेश सिंह ने वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की है।
दरअसल, रतनपुर थाने में रविवार की रात विक्की उर्फ विकास रावत नशे की हालत में घायल होकर थाने पहुंचा। वो मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगा। उसने बताया कि उसके कंधे में चोट लगी है। हाथ से खून भी बह रहा है। पुलिसकर्मियों ने उसका मेडिकल कराया और उसे अस्पताल में भर्ती भी कराया है।








थाने में किया हंगामा, पुलिसकर्मी ने वीडियो बनाकर किया वायरल
इस दौरान विक्की नशे की हालत में थाने में गाली-गालौज कर जमकर हंगामा करने लगा। वो अपने किसी परिचित से जाकर थाना प्रभारी को फोन कराने की धौंस भी दिखाने लगा। वो काफी देर तक थाने में हंगामा किया। इस बीच पुलिसकर्मी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही भड़के एसपी, टीआई समेत 6 पुलिसकर्मी लाइन अटैच




सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने पर एसपी रजनेश सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि थाने में इस तरह की अव्यवस्था और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आदतन अपराधियों पर पुलिस को सख्त होना चाहिए और उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

एसपी ने इनके खिलाफ की कार्रवाई
इस मामले में एसपी रजनेश सिंह ने रतनपुर थाना प्रभारी रजनीश सिंह, आरक्षक नंदकुमार यादव अजय भारद्वाज, घनश्याम राठौर, दुर्गेश प्रजापति और राकेश आनंद को लाइन अटैच किया है। हालांकि, पुलिस की जांच में पता चला है कि थाने पहुंचा घायल युवक आदतन बदमाश और नशेड़ी है।
जिस समय वह हंगामा मचा रहा था, तब नशे की हालत में था। जिसके कारण पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, उसके साथ मारपीट की घटना नहीं हुई है।
ड्यूटी में नहीं थे उन पुलिसकर्मियों पर भी एक्शन
वायरल वीडियो में थाने में जो पुलिसकर्मी दिख रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। बल्कि, ऐसे पुलिसकर्मी जो ड्यूटी पर नहीं थे, उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया है। जिन पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है, उनमें दो ड्यूटी पर ही नहीं थे।




