भिलाई में राज्यपाल ने हजारों स्वच्छता वीरों को किया सम्मानित:रमेन डेका बोले- यह सम्मान न केवल भिलाई, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत
By Dinesh chourasiya

राज्यपाल रमन डेका सोमवार को भिलाई के कला मंदिर में आयोजित स्वच्छता वीर सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, शैक्षणिक संस्थाओं के संचालकों और समाचार पत्र प्रमुखों को स्वच्छता वीर सम्मान से सम्मानित किया।
यह सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सभी समाज सेवियों को दिया गया। राज्यपाल ने कहा कि, स्वच्छता की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं हर आम नागरिक की है। इसमें हम सबको सहभागी बनना पड़ेगा।







140 करोड़ की आबादी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। पीएम मोदी ने 10 साल पहले ही लाल किले से इसकी मांग देश भर के नागरिकों से की थी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वतंत्रता से भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए सिर्फ 2 अक्टूबर का दिन निर्धारित नहीं होना चाहिए।


स्वच्छता वीर देश के लिए मिशाल
उन्होंने कहा कि, भिलाई में जो स्वच्छता वीरों का सम्मान हुआ है, ये भिलाई ही नहीं पूरे देश के लिए मिशाल होगा। उनका सम्मान कर उन्हें भी सुकून मिला है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अभिन्न योगदान देने वाली 57 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया। इस दौरान स्वच्छता वीरों को सम्मानित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय और विधायक रिकेश सेन ने भी किया।




प्रधानमंत्री का यह अभियान समाज को देगा दिशा
छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि, आज से 10 साल पहले देश के प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी। उनका यह अभियान समाज को दिशा देने वाला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज समाज के सभी वर्ग स्वच्छता के महत्व को समझने लगे हैं।
इनका किया गया सम्मान
“स्वच्छता वीर सम्मान” समारोह में पावर हाऊस, जवाहर मार्केट, सर्कुलर मार्केट, सब्जी मंडी, टाउनशिप मार्केट, सुपेला के बाजार, विभिन्न हाउसिंग सोसायटीज, शहर के होटल व बड़े प्रतिष्ठान, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ टीम, भिलाई इस्पात संयंत्र, मैत्री बाग सहित विभिन्न उद्यान, हॉस्पीटल, फायर ब्रिगेड टीम।
स्वयंसिद्धा, शपथ फाउंडेशन, मां शारदा चैरिटेबल ट्रस्ट, बीएसपी नगर सेवाएं विभाग और नगर पालिक निगम भिलाई की स्वच्छता टीम के नेतृत्वकर्ताओं और स्वच्छता सिपाहियों, मेडिकल वेस्ट को अलग करने का कार्य करने वाली स्वच्छता दीदीयों, छत्तीसगढ़ आर्मी फाउंडेशन, बीएसएनएल, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी, विभिन्न पर्यावरणीय समितियों का सम्मान किया गया।




