CG डबल मर्डर केस में मास्टरमाइंड से पिस्टल जब्त:पुलिस पर की थी फायरिंग, परिजन बोले-15 दिन में फांसी हो; अफसर बोले- घर ढहाकर बनाएंगे पार्क
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की हत्या के आरोपियों को मौत की सजा की मांग की जा रही है। रविवार को सूरजपुर में प्रदर्शन कर उनके पुतलों को फांसी दी गई। वहीं पुलिस ने मास्टरमाइंड कुलदीप साहू से पिस्टल बरामद कर लिया है।
कुलदीप साहू ने हत्या के बाद भागते हुए पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके पुलिस ने 8 राउंड फायरिंग की थी। अफसरों की माने तो जल्द ही कुलदीप के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जाएगा। घर को ढहाकर पार्क बनाने की तैयारी है।







कुलदीप साहू की पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। गुरुवार को पुलिस को तीन दिन की अतिरिक्त रिमांड मिली थी। पुलिस उसकी अतिरिक्त रिमांड नहीं मांगेगी।
शहीद का दर्जा देने की मांग
तालिब शेख की मां मैमूना शमीम और बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मां ने कहा कि, इस घटना से हम लोग टूट गए हैं। 15 दिन के अंदर फास्ट ट्रैक कोर्ट से फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं तालिब के बड़े भाई मोहम्मद आरिफ ने दोनों मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग की है।




चाकू से गोदकर की थी हत्या
दरअसल, 13 अक्टूबर की रात कुलदीप साहू ने 2 साथियों NSUI जिलाध्यक्ष सीके चौधरी और रिंकू सिंह के साथ मिलकर हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की पत्नी और बेटी की चाकुओं से हत्या कर दी थी। उनके शवों को आरोपियों ने कार में डालकर 5 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया था।

आरोपियों का पुतला फांसी पर लटकाया
रविवार को संयुक्त पुलिस परिवार ने आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के पुतलों को फांसी दी गई। उक्त मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर 15 दिनों में आरोपियों को फांसी देने की मांग संयुक्त पुलिस परिवार ने की।
संयुक्त पुलिस परिवार के संयोजक उज्जवल दीवान के आह्वान पर रविवार को कोतवाली के सामने स्थित पुराने बस स्टैंड परिसर में लोग जुटे थे। विरोध प्रदर्शन में सूरजपुर नगर पालिका अध्यक्ष केके अग्रवाल भी शामिल हुए। हालांकि प्रदर्शन में सूरजपुर पुलिस परिवार के सदस्य शामिल नहीं हुए।
इस दौरान केके अग्रवाल ने कहा कि आरोपी कुलदीप के अवैध घर और बाउंड्रीवाल को गिराने के लिए नगर पालिका तैयार है। प्रशासन का साथ मिले तो प्रशासन और नगर पालिका उसके अवैध घर को ढहा देगी। उस जगह पर पार्क बनाया जाएगा।
पिस्टल, कार की चाबी जब्त
कुलदीप साहू को हत्या के बाद भागते हुए पुलिस ने रात में पकड़ने की कोशिश की थी। हालांकि तब तक पुलिस को दोहरे हत्याकांड की जानकारी ही नहीं थी। कुलदीप साहू ने विश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा की टीम पर पिस्टल से फायरिंग की थी। अलरिक लकड़ा ने कुलदीप पर 8 राउंड फायर किया था।
पुलिस ने कुलदीप साहू की निशानदेही पर करवां में सहयोगी सूरज साहू के घर के पीछे स्थित केले के पेड़ों में छिपाए गए पिस्टल को बरामद कर लिया है। करवां से ही कुलदीप साहू का मोबाइल और कार की चाबी भी बरामद की गई है। कुलदीप साहू की रिमांड आज समाप्त हो रही है।
मुख्य आरोपी का साला भी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी कुलदीप के साले ग्राम खड़गवां निवासी नीलकेश्वर साहू (26) को भी साक्ष्य छिपाने में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।




