रायपुर दक्षिण उपचुनाव…14 में से 2 नाम शॉर्टलिस्ट:कांग्रेस ने आकाश और प्रमोद का नाम भेजा दिल्ली; शाम तक आ सकती है सूची
By Dinesh chourasiya

रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर BJP ने सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस चुनाव समिति ने 14 दावेदारों में से 2 नाम शॉर्टलिस्ट कर आलाकमान को भेज दिया है। इनमें प्रमोद दुबे और आकाश शर्मा का नाम है। संभावना है कि आज शाम तक सूची जारी हो सकती है।
कांग्रेस ने इसके एक दिन पहले ही दक्षिण के कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन किया। इसके बाद चुनाव समिति की बैठक हुई थी।







आकाश शर्मा या प्रमोद दुबे के नाम की हो सकती है घोषणा
दक्षिण विधानसभा के लिए दावेदारों की कमी नहीं है, लेकिन इस वक्त 2 नाम जो सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, वह युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा और नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे का है। सियासी गलियारे में चर्चा है कि इन दोनों नाम में से किसी भी नाम पर पार्टी मुहर लगा सकती है।
कौन हैं आकाश शर्मा ?




आकाश शर्मा मौजूदा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले 7 साल तक वह NSUI के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। 2018-2023 के विधानसभा चुनाव में दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने पहले कन्हैया अग्रवाल और दूसरी बार में महंत रामसुंदर दास को मौका दिया।
पार्टी इन दोनों युवा नेताओं को आगे बढ़ने पर जोर दे रही है। ऐसे में इनका नाम लगभग तय माना जा रहा है। लास्ट मोमेंट तक अगर कोई सियासी समीकरण नहीं बिगड़ा तो पार्टी इस बार इन्हें टिकट दे सकती है। इस सीट में ब्राह्मण वोटर्स की संख्या ज्यादा है। ऐसे में अगर पार्टी इन्हें टिकट देती है तो सामाजिक समीकरण भी साधने में आसानी होगी।
कौन हैं प्रमोद दुबे ?
रायपुर के लिहाज से प्रमोद दुबे कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं। पार्षद रहने के अलावा वह महापौर भी रह चुके हैं। इसके साथ-साथ फिलहाल नगर निगम के सभापति भी हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2019 में सुनील सोनी के खिलाफ फिर रायपुर लोकसभा सीट से संसदीय चुनाव लड़ा था।
दक्षिण के लिहाज से कांग्रेस पार्टी के लिए सबसे सेफ चेहरा माने जा रहे हैं। क्षेत्र में इनकी पकड़ है। इस सीट में ब्राह्मण वोटर की संख्या ज्यादा है। ऐसे में सामाजिक समीकरण साधने में आसानी होगी, क्योंकि प्रमोद भी ब्राह्मण समाज से आते हैं, इस लिहाज से इनका भी नाम पार्टी फाइनल कर सकती है।
बैठक में 4 नामों पर हुई चर्चा
रविवार को हुई चुनाव समिति की बैठक में 14 दावेदारों के नाम आए थे, जिनमें प्रमोद दुबे, आकाश शर्मा, कन्हैया अग्रवाल और ज्ञानेश शर्मा के नाम को लेकर चर्चा हुई। बैठक में शामिल नेताओं का कहना है कि टिकट को लेकर प्रमोद दुबे और आकाश शर्मा में ही कांटे की टक्कर है।
बैठक में शामिल लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को नाम फाइनल कर भेजने की बात पर सहमति जताई।
आज हो सकती है घोषणा
पायलट का सर्वे पूरा हो चुका है। एक दिन पहले ही कार्यकर्ता सम्मेलन और चुनाव समिति की बैठक भी हो चुकी है। हाईकमान को दावेदारों के नाम भी भेजे जा चुके हैं। ऐसे में संभावना है कि आज कांग्रेस पार्टी देर शाम तक अपने दावेदार की घोषणा कर सकती है।




