दुर्ग जिले में चलते ट्रक का टायर फटने से लगी आग:धू-धूकर जला ट्रक, कई घंटे बाद दमकल कर्मियों ने बुझाई आग
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम एक लोड ट्रक का टायर फटने से उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां पहुंची और आग बुझाती ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया।
अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना रसमडा औद्योगिक क्षेत्र की है। उन्हें सूचना मिली कि स्टील रोल से लोड एक ट्रक का चलते हुए टायर फट गया। इससे ट्रक में आग लग गई है। उन्होंने सूचना मिलते ही एक फायर ब्रिगेड को आग बुझाने के लिए मौके पर भेजा।








जब दमकल कर्मियों की टीम वहां पहुंची तो पाया कि राजस्थान पासिंग ट्रक RJ 47 GA 5398 आग की लपटों से घिरा है। तक तक पुलिस की टीम भी वहां पहुंच गई थी। पुलिस के जवानों ने ट्रक के पास से लोगों की भीड़ को दूर किया। इसके बाद दमकल कर्मियों की टीम ने एक गाड़ी फायरब्रिगेड पानी से ट्रक की आग को बुझाया। ट्रक की आग बुझाने में लगभग दो से तीन घंटे का समय लगा।
फोम का भी किया गया इस्तेमाल
आग बुझाने में एक गाड़ी फोम का भी उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों ने जब देखा की आग ट्रक में चारों तरफ से लग गई है और पानी से भी नहीं बुझ रही तो उन्होंने फोम का इस्तेमाल किया। फोम के जरिए ट्रक में लगी आग काफी कम हो गई। इसके बाद पानी के तेज प्रेशर से आग को पूरी तरह से काबू में किया गया।




समय पर आग बुझने से बड़ी अनहोनी टली
नागेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम के अग्निशमन कर्मी भगवती बंजारे, शारदा प्रसाद, पराग , हीरामन, कुलेश्वर, धर्मेंद्र साहू ने एक टीम के रूप में काम किया। उन्होंने पहले ट्रक के टायर और केबिन की आग बुझाई। इससे ट्रक में आग और तेजी से नहीं फैल सकी। यदि आग डीजल टैंक में लगती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।




