Uncategorized

CG में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा बढ़ाई गई

By Dinesh chourasiya

दुर्ग-विशाखापटनम वंदे भारत एक्सप्रेस का शुक्रवार को ट्रायल लिया गया। लौटते समय रात 9.15 बजे बागबाहरा के पास कुछ लोगों ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव करके इसके तीन बोगियों की खिड़कियों की कांच क्षतिग्रस्त कर दी थी। दुर्ग आने के बाद उसका मेंटेनेंस किया गया। तीनों कोचों के कांच बदल दिए गए हैं। प्रत्येक कांच की कीमत 78-78 हजार की है। ट्रेन के लौटकर आने के बाद दुर्ग कोचिंग यार्ड में उसे रखा गया। कोचिंग यार्ड के कर्मचारियों ने दिनभर की अथक मेहनत करके तीनों कोच कांच बदले हैं।

बताया जाता है कि बागबाहरा स्टेशन के पास कुछ लोग ट्रैक पर बैठे थे। ट्रेन के आते ही ट्रैक पर रखी गिट्टी उठाकर फेंकने लगे। इससे ट्रेन के कोच नंबर सी 2-10, सी 4-9 और सी 10-78 की खिड़कियों में लगे कांच को नुकसान पहुंचा था। बाद में बागबाहरा आरपीएफ ने ट्रेन में पथराव के आरोप में बागबाहरा में रहने वाले पांच युवकों शिव कुमार बघेल, देवेंद्र तांडी, लेखराज सोनवानी, जीतू तांडी और अर्जुन यादव को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगाई गईं। इससे पहले भी बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पथराव की घटनाएं होती रही हैं। इसके लिए बाद में आरपीएफ ने जागरूकता अभियान चलाया था। साथ ही ऐसे लोगों की धरपकड़ भी की थी।

पथराव की घटना को देखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्टेशनों के पास और ट्रेन में आरपीएफ जवानों को तैनात किया जा रहा है, ताकि इसके बाद ट्रेन में पुन: पथराव की घटना न हो। इन्हें पथराव करने से रोकने के साथ ही लोगों को शासकीय संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने का आग्रह करने को भी कहा गया है।

Related Articles

Back to top button