Uncategorized

दुर्ग में असली नकली सोने का खेल महिला ने ज्वेलर्स को लगाया 2 लाख का चूना:सोने की नकली चेन देकर असली अंगूठी और चूड़ियां, ले उड़ी  

By Dinesh chourasiya

दुर्ग कोतवाली थाना - Dainik Bhaskar
  दुर्ग में संचेती ज्वेलर्स के संचालक को एक महिला ठग ने 2 लाख 25 हजार रुपए का चूना लगा दिया। महिला ने ज्वेलर्स को नकली सोने की चेन देकर उसके बदले में सोने की अंगूठी और चूड़ियां ले लिया। ज्वेलर्स ने सोने को चेक किया तो नकली निकला। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

दुर्ग ASP अभिषेक झा ने बताया कि सुभाष संचेती (57 साल) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। 18 जुलाई की शाम एक महिला सोने की अंगूठी और चूड़ी खरीदने के लिए दुकान आई थी। उसने एक सोने की अंगूठी और चूड़ी पसंद की। बदले में उसने सोने की एक पुरानी चेन दी और कहा कि इसको लेकर उसकी जगह अंगूठी और चूड़ी दे दीजिए।

देखने में महिला किसी अच्छे घर से लग रही थी। इसलिए सुभाष संचेती ने बिना सोने को परखे ही सोने की चेन का वजन किया। महिला को बताया कि उसकी चेन 2 लाख 18 हजार रुपए की हो रही है। साथ ही अंगूठी और चूड़ी 2 लाख 15 हजार रुपए की है। ज्वेलर्स से 3 हजार कैश और अभूषण लेकर महिला चली गई। सुभाष संचेती ने चेन गलाकर देखा तो नकली मिली।

महिला ने विश्वास जताने के लिए दिया अपना आधार कार्ड

सुभाष संचेती ने कोतवाली पुलिस को बताया कि महिला सोने की चेन चोरी की नहीं लाई है, इसका विश्वास जताने के लिए उसने अपना आधार कार्ड दिया था। नाम रीमा देवी पति गोलू पंडित निवासी दिगंबर जैन धर्मशाला के सामने चांदनी चौक नई दिल्ली लिखा हुआ था।

साथ ही उसने अपना वर्तमान पता सुभाष नगर दुर्ग भी बताया। महिला ने आधार कार्ड की फोटोकॉपी में अपना हस्ताक्षर करके भी दिया था।

महिला ठग को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही पुलिस

संचेती ज्वेलर्स के संचालक ने बताया कि दुर्ग पुलिस ने महिला ठग को CCTV फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस महिला को थाने ले गई। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।

महिला के पास से सोने के आभूषण जब्त नहीं हुए हैं। उसने उसे अपने गैंग के दूसरे साथी को दे दिया है। पुलिस उससे ये जानने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ गैंग में और कौन लोग शामिल हैं, लेकिन महिला अभी कोई जानकारी नहीं दे रही है।

Related Articles

Back to top button