छत्तीसगढ़

NEET पेपर लीक केस में 2 और गिरफ्तार:पटना से पकड़े गए पंकज पर पेपर चुराने का आरोप; CBI ने मामले में 12 अरेस्ट किए

By Dinesh chourasiya

NEET पेपर लीक मामले में CBI ने मंगलवार (16 जुलाई) को दो और लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों में पंकज और राजू हैं। पंकज को पटना और राजकुमार सिंह उर्फ राजू को झारखंड के हजारीबाग से पकड़ा गया है। पंकज पर NEET का पेपर चोरी करने का आरोप है। वहीं, राजू ने इसे आगे बढ़ाया।

पंकज कुमार उर्फ ​​​​आदित्य के बारे में जानकारी मिली है कि उसने 2017 में एनआईटी जमशेदपुर से सिविल इंजीनियरिंग की है। पंकज कुमार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के ट्रंक से पेपर चुराया था। इसके बाद पेपर को आगे बांटने के लिए दिया गया था। पंकज कुमार बोकारो का रहने वाला है।

CBI टीम 2 दिनों से हजारीबाग आना-जाना कर रही थी। CBI की टीम ने 15 जुलाई को हजारीबाग के रामनगर स्थित राज गेस्ट हाउस में छापा मारा। इससे पहले राज गेस्ट हाउस के मालिक राजकुमार सिंह उर्फ राजू के कदमा स्थित घर में रेड की थी।

टीम राजू को हिरासत में लेकर राज गेस्ट हाउस पहुंची। टीम ने उससे गेस्ट हाउस खोलने के लिए चाबी की मांग की। जब चाबी नहीं मिली तो टीम ने ताला तोड़ दिया। टीम ने गेस्ट हाउस को घंटों खंगाला। यहां से कई संदिग्ध दस्तावेज टीम के हाथ लगे हैं।

सोमवार देर शाम 7 बजे CBI की टीम राजकुमार उर्फ राजू को अपने साथ पटना ले गई। CBI की 5 सदस्यीय टीम एक इनोवा और एक अर्टिगा कार से पहुंची थी। टीम के साथ 2 संदिग्ध भी थे। इनको आमने-सामने बैठाकर राज गेस्ट हाउस में ही राजकुमार राजू के साथ पूछताछ भी हुई।

NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI अब तक कुल 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

राज गेस्ट हाउस के मालिक राजकुमार सिंह को टीम पटना ले गई ।

गिरफ्तार लोगों की निशानदेही पर रेड
सूत्रों के मुताबिक, हजारीबाग से गिरफ्तार हुए ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज आलम और जमालुद्दीन से राजू के तार जुड़े हुए हैं। पिछले दो दिनों से हजारीबाग में सीबीआई की टीम बेहद गोपनीय ढंग से इस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी कहा जा रहा है कि कुछ छात्र या अभिभावक का गेस्ट हाउस में आकर रहने की सूचना CBI को हाथ लगी है। इस आधार पर राजू से पूछताछ चल रही है।

8 जुलाई को ओएसिस स्कूल पहुंची थी सीबीआई
इसके पहले 8 जुलाई को सीबीआई हजारीबाग में सक्रिय हुई थी। सीबीआई टीम ने ओएसिस स्कूल में पहले दस्तक दी थी। जहां टीम ने ओएसिस स्कूल में हाल के दिनों में हुए परीक्षा की जानकारी प्राप्त की थी। साथ ही उन परीक्षा में कौन-कौन से छात्र सम्मिलित हुए थे उनकी विस्तृत जानकारी और अटेंडेंस शीट अपने साथ पटना ले गई।

नीट पेपर लीक का सेंटर बना हजारीबाग
हजारीबाग नीट पेपर लीक मामले का मुख्य केंद्र बना हुआ है। अहम सबूत के साथ तीन लोग जिसमें ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल,इम्तियाज आलम और जमालुद्दीन को गिरफ्तार कर अपने साथ पटना ले गई थी। वहीं कुछ दिनों के बाद स्कूल के दो शिक्षकों को भी समन भेज कर पटना बुलाया था। जिन्हें बाद में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

जांच के दौरान ब्लू डार्ट कूरियर के कर्मियों से भी पूछताछ की गई थी। साथ ही जो ई रिक्शा के जरिए प्रश्न पत्र भेजा गया था उससे भी पूछताछ की गई थी। सीबीआई की टीम ने एसबीआई बैंक के प्रबंधन से भी पूछताछ की थी। आज राजकुमार सिंह उर्फ राजू चौथा व्यक्ति है जिसे सीबीआई हिरासत में लिया है।

Related Articles

Back to top button