
उमर अब्दुल्ला दूसरी बार जम्मू-कश्मीर के CM बनेंगे:विधायकों ने नेता चुना; कल दावा पेश करेंगे, 13 या 14 अक्टूबर को शपथ
By Dinesh chourasiya
जम्मू-कश्मीर में नई सरकार के गठन के लिए गुरुवार (10 अक्टूबर) को विधायक दल की बैठक हुई। मीटिंग में नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला को विधायक दल का नेता चुना गया। उमर जम्मू-कश्मीर के नए CM होंगे।
INDIA गठबंधन का 3 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को LG मनोज सिन्हा से मुलाकात करेगा और सरकार गठन का दावा पेश करेगा। शपथ ग्रहण समारोह 13 या 14 अक्टूबर को होने की उम्मीद है।







राज्य सरकार में कोई डिप्टी CM नहीं होगा। नेशनल कांफ्रेंस के साथ मिलकर चुनाव लड़ी कांग्रेस को डिप्टी स्पीकर का पद मिल सकता है। कांग्रेस की ओर से डूरू सीट से विधायक जीए मीर या प्रदेश अध्यक्ष और सेंट्रल शाल्टेंग के विधायक तारिक हामिद कर्रा में किसी एक को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिल सकता है।
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद हुए विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन ने 49 सीटों पर जीत दर्ज की। गठबंधन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस को सबसे ज्यादा 42, कांग्रेस को 6 और CPI(M) को एक सीट मिली। बहुमत का आंकड़ा 46 है।
7 निर्दलीय में से 4 ने गुरुवार को नेशनल कांफ्रेंस को समर्थन देने का ऐलान किया। ये चार निर्दलीय- इंदरवल से प्यारे लाल शर्मा, छम्ब से सतीश शर्मा, सूरनकोट से मोहम्मद अकरम और बनी सीट से डॉ रामेश्वर सिंह हैं। उमर ने कहा- अब हमारी संख्या बढ़कर 46 हो गई है।








