भिलाई में गैस-सिलेंडर में आग लगने से झुलसे मां और 2 बच्चे दूध गर्म करने के वक्त हादसा, लीकेज से जला हाथ,पैर और चेहरा
By Dinesh chourasiya

जानकारी के मुताबिक मोती चौक के पास आशा नायक रविवार की रात अपने घर में बच्चों के लिए दूध गर्म कर रही थी। गैस जलाने से पहले उसने ध्यान नहीं दिया कि सिलेंडर में लीकेज की समस्या है। उसने जैसे ही गैस ऑन की और दूध गर्म करने के लिए रखा आग पूरे सिलेंडर में फैल गई।

बताया जा रहा है कि महिला खुद को बचाती उससे पहले आग उसके दुपट्टे में लग गई। वहीं पर दोनों बच्चे भी खेल रहे थे। महिला ने मदद की गुहार लगाई। जब तक पड़ोसी वहां पहुंचते और महिला को बचाते आग उसके कपड़ों में लग गई थी। इससे उसका चेहरा, हाथ, पैर बुरी तरह झुलस गया। सुपेला अस्पताल में इलाज के बाद दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।







बच्चों के हाथ पैर भी जले
आग फैल जाने से महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन बच्चों की वजह से भाग नहीं पाई। खेल रहे बच्चे भी आग की लपट की चपेट में आ गए। इससे उनके हाथ और पैर झुलस गए हैं। पड़ोसियों ने महिला की आग बुझाने के बाद सिलेंडर से रेगुलेटर को बंद कर आग पर काबू पाया। इसके बाद एंबुलेंस से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया




