Uncategorized

CG में रात में बंद मिला थाना, एसपी ने बनाई जांच कमेटी:विवाह समारोह में बवाल के बाद थाने पहुंचे थे दुल्हा-दुल्हन, थाने में लगा था ताला

By Dinesh chourasiya

रात एक बजे दुल्हा-दुल्हन पहुंचे थे रिपोर्ट दर्ज कराने - Dainik Bhaskar

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का झगराखांड थाने में 22 अप्रैल की रात ताला बंद था। रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे दुल्हा-दुल्हन करीब दो घंटे तक थाने के सामने खड़े रहे, लेकिन थाने का ताला नहीं खुला। इसे लेकर एमसीबी एसपी चंदमोहन सिंह ने जांच कमेटी बनाई है। मामले की जांच के लिए तरसीला डीएसपी तरसीला टोप्पो बुधवार को थाने पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, कोर्ट मैरिज के चार सालों बाद महाराष्ट्र से लौटकर युवक एवं युवती का सामाजिक रीति रिवाज से शादी का कार्यक्रम 22 अप्रैल को ग्राम बंजी में आयोजित था। बंजी निवासी प्रकाश सिंह कुर्रे ने पड़ोस की लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली थी और वे महाराष्ट्र चले गए। चार सालों बाद वापस लौटने पर लोगों ने उनपर सामाजिक रीति रिवाज से शादी करने का दबाव डाला।

वधु पक्ष ने वर पक्ष पर बरसाई लाठी
शादी समारोह में दुल्हन का पक्ष शामिल नहीं हुआ। दुल्हन के पिता संतोष कुर्रे इस विवाह के पक्ष में नहीं थे। रात को जब डीजे के साथ बारात निकाली गई तो ट्रांसफार्मर से बार-बार डीओ गिराकर बिजली गुल कर दी गई। दुल्हे के भाई शिवमूरत कुर्रे का डीओ गिरा रहे युवक से विवाद हो गया।

विवाद के बाद दुल्हन के पिता संतोष भाई रोमू, चचेरे भाई प्रदीप कुर्रे व सोनू कुर्रे सहित अन्य ने लाठी डंडे के साथ फरसे से दुल्हा, उसके भाई एवं डीजे में डांस कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए गए युवक अंगद का हाथ भी कट गया।

थाने में अंदर से बंद था ताला, कर्मियों ने नहीं खोला

रात में थाने में मिला ताला
विवाद बढ़ता देख शिवमूरत सिंह ने झगराखांड थाने के फोन नंबर पर कॉल किया, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली तो रात एक बजे दुल्हा-दुल्हन के साथ वे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने झगराखांड पहुंचे। थाने में अंदर से ताला लगा था। वे दो घंटे तक आवाज देते रहे, लेकिन किसी ने ताला नहीं खोला।

रिपोर्ट दर्ज कराने वे सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़़ पहुंचे तो वहां उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि मामला झगराखांड थानाक्षेत्र का है। झगराखांड थाना प्रभारी लक्ष्मी कश्यप ने मामले में कहा कि स्टॉफ कम है। रात को सो गए होंगे।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मामले में दूसरे दिन दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलस ने दुल्हे के भाई शिव मूरत की रिपोर्ट पर संतोष कुर्रे सहित चार के खिलाफ एवं संतोष कुर्रे की रिपोर्ट पर शिवमूरत सिंह, दुल्हा प्रकाश कुर्रे व शुभम के खिलाफ केस दर्ज किया है।

एसपी ने बनाई कमेटी, जांच में पहुंची डीएसपी
झारखांड थाने का ताला बंद मिलने का मामला तूल पकड़ा तो एमसीबी एसपी चंद्रमोहन सिंह ने जांच के लिए कमेटी बनाई है। डीएसपी डीएसपी तरसीला टोप्पो बुधवार को थाने पहुंची। डीएसपी ने थानेदार सहित नाइट ड्यूटी इंजार्च का भी बयान लिया।

झागराखांड थाने में लगे सीसी कैमरों के फूटेज की भी जांच की जा रही है। एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button