Uncategorized

दुर्ग में राजेंद्र पार्क के पास अवैध कब्जा हटाने पहुंचे निगम की टीम से भिड़े व्यापारी:नोटिस के बाद भी नहीं हटाई दुकान तो फोर्स के बीच चला बुलडोजर

By Dinesh chourasiya

जेसीबी के ऊपर चढ़कर विरोध करते बेजाकब्जा धारक - Dainik Bhaskar

दुर्ग शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए निगम का बुलडोजर दुकान में चला। इस दौरान व्यापारियों ने इस कार्रवाई का जमकर विरोध किया। कार्रवाई के दौरान जहां कुछ व्यापारी जेसीबी में चढ़ गए और सामने लेट गए, तो वहीं महिलाओं ने झगड़ा शुरू कर दिया। बाद में महिला और पुरुष पुलिस बल की मदद से विरोध को शांत करवाकर कार्रवाई की गई।

नगर पालिक निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने बताया कि दुर्ग के सबसे व्यस्ततम क्षेत्र राजेंद्र पार्क चौक के पास जीई रोड के किनारे और चर्च के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कब्जा करके अपनी दुकानें खोल ली थीं। उन्हें हटाने के लिए निगम ने उन्हें नोटिस जारी किया था। नोटिस देने के बाद भी वो लोग वहां से हटने को तैयार नहीं थे।

दुकान से सामान हटाते व्यापारी और मौजूद निगम के कर्मचारी

जब व्यापारी बेजा कब्जा दुकान को हटाने को तैयार नहीं हुए तो निगम ने पूरी तैयारी के साथ उन्हें तोड़ने का निर्णय लिया। गुरुवार को नगर निगम का तोडू दस्ता जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचा। उन्हें बताया गया कि अल्टीमेटम के बाद भी उन्होंने कब्जा नहीं हटाया है। अब तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी, इसलिए एक घंटे के अंदर सामान को हटा लें। इसके बाद बुलडोजर ने वहां बनी तीन दुकानों को तोड़ा।

31 दिसंबर तक दुकान लगाने की दी गई थी अनुमति

दुर्ग निगम ने शशिकला छिपेकर को अस्थाई जूता चप्पल का स्टॉल, मो. इमरान खान को कपड़े की दुकान और गौरव सिंह को दुकान लगाने के लिए मेनोनाईट चर्च के सामने अनुमति दिया था। यह अनुमति 31 दिसंबर 2023 को समाप्त हो गई, लेकिन उन्होंने दुकान नहीं हटाई। इसके बाद उन्हें वहां से स्टॉल हटाने के लिए नोटिस जारी की गई।

बड़ी संख्या में मौजूद रहा पुलिस बल

जेसीबी में चढ़कर किया विरोध

जब निगम की टीम जेसीबी लेकर कार्रवाई करने पहुंची तो वहां व्यापारियों ने मिलकर इसका विरोध करना शुरू कर दिया। शशिकला तो टीम से झगड़ा तक करने में उतारू हो गई। वहीं दो अन्य व्यापारी जेसीबी के ऊपर चढ़ गए। बाद में पुलिस बल ने उन्हें वहां से उतारा। महिला पुलिस बल शशिकला को पकड़कर अपने साथ ले गई। उसके बाद कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन के साथ पुलिस बल रहा मौजूद

कार्यवाई के दौरान जिला प्रशासन की ओर से दुर्ग एसडीएम मुकेश रावटे,अतिरिक्त तहसीलदार प्रफुल कुमार गुप्ता, उपायुक्त मोहेंद्र साहू, दुर्ग निगम से भवन अधिकारी गिरीश दीवान,नायब तहसीलदार ढालसिंग बिसेन,अतिक्रमण अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, बाजार अधिकारी चंदन मनहरे, थानसिंह यादव, पद्मनाथपुर थाना प्रभारी आईपीएस अक्षय प्रमोद सामद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button