दुर्ग में महतारी वंदन योजना की किस्त ना आने पर प्रदर्शन:यूथ कांग्रेस ने किया कलेक्टोरेट का घेराव, ये रखी मांग
By Dinesh chourasiya

यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मोदी सरकार की गारंटी पूरी ना होने को लेकर दुर्ग कलेक्टोरेट का घेराव किया। उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी और कहा कि मोदी सरकार ने जो वादा जनता से किया है उसे पूरा करे।
दुर्ग जिला युवा कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष जयंत देशमुख के नेतृत्व में विरोध रैली निकाली गई। बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के नेताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान जयंत देशमुख ने कलेक्टर दुर्ग के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।








जयंत देशमुख ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन में संगठन की ओर से मांग रखी है कि प्रदेश में जिस तरीके से भाजपा सरकार के द्वारा झूठी गारंटियां दी जा रही हैं उसे बंद करना चाहिए। उनकी एक भी गारंटी पूरी नहीं हो रही हैं। उनके द्वारा झूठे वादे करके प्रदेश की जनता खासकर महिलाओं के साथ छलावा किया जा रहा है। इसको लेकर प्रदेश की जनता काफी आक्रोशित है।

मोदी सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत हर एक महिला को एक हजार रुपए महीने देने का वादा किया था। इसको लेकर महिलाओं ने फार्म भी भरा, लेकिन अभी तक महिलाओं के खाते में पैसे नहीं आए। महिलाएं पहली किस्त के लिए इधर उधर बैंक के चक्कर काट रही हैं।
विधायकों के प्रति लोगों में खासी नाराजगी




यूथ कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाया कि मोदी की झूठी गारंटी के चलते यहां के विधायकों के प्रति लोगों के मन में काफी आक्रोश है। जनता मोदी की गारंटी पूरी होने की उम्मीद कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और गारंटीयों का लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को नहीं मिल पा रहा है।




