Uncategorized

बीएसपी ने सिविक सेंटर से कब्जाधारियों को हटाया:विरोध में जेसीबी के सामने बैठा दुकानदार, जान देने की दी चेतावनी, 100 मीटर खोदा गया जमीन

By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट की नगर सेवा और एनफोर्समेंट विभाग की टीम ने शनिवार दोपहर सिविक सेंटर में अवैध कब्जा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीएसपी की टीम को बेजा कब्जेधारकों के विरोध का सामना करना पड़ा। एक कब्जाधारी जेसीबी मशीन के सामने बैठकर जान देने की धमकी देने लगा।

जानकारी के मुताबिक, ओपन एयर थिएटर के सामने फास्ट फूड मोबाइल वैन को हटा दिया गया। बांस बल्ली से बनी दुकानों को तोड़कर जब्ती बनाई गई। बीएसपी के अधिकारियों ने जेसीबी से उस क्षेत्र की मिट्टी को भी खोद रास्ते को ब्लॉक कर दिया। जिससे दोबारा वहां कब्जा कर दुकानें न लगाई जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि बेजा कब्जा कर दुकान लगाने के कारण वहां ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही है। नालियों में गंदा पानी बजबजा रहा है। इतना ही नहीं दुकानदारों ने अवैध रूप से नल का कनेक्शन भी कर लिया है। उससे पानी सड़क तक बह रहा है।

ये पहली बार नहीं है, जब बीएसपी मोबाइल वैन वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इससे पहले साल 2018 में भी बीएसपी ने भारी संख्या में पुलिस बल के साथ यहां कार्रवाई की थी। उसके बाद फिर से यहां दुकान लगाने के लिए कब्जा कर लिया गया है।

बेजा कब्जा दुकानों पर कार्रवाई करने सिविक सेंटर पहुंचे बीएसपी के अधिकारी

जेसीबी के सामने परिवार सहित दुकानदार

बीएसपी की टीम जब जेसीबी से बेजा कब्जा को हटवा रही थी, तो मोबाइल वैन और ठेला लगाने वाले उसका विरोध करने लगे। इसके बाद कई लोग अपने परिवार के साथ जेसीबी के सामने लेट गए। इसके बाद मौजूद पुलिस बल ने उसे वहां से हटाया और दोबारा अवैध कब्जा नहीं करने की समझाइश दी।

वेल्डेक्स ग्राउंड में भी की गई कार्रवाई

सिविक सेंटर में मोबाइल वैन को हटाने के साथ ही बीएसपी टीम ने वेल्डेक्स ग्राउंड में भी कार्रवाई की है। यहां लगे ठेलों को हटाया गया। अवैध दुकानों को नहीं लगने देने के लिए जेसीबी से लगभग 100 मीटर की जमीन को खोद दिया गया है।

इसके साथ ही अवैध कब्जेधारियों को समझाइश दी गई कि यदि दोबारा बेजा कब्जा कर दुकानें लगाई गई, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button