भिलाई में शराबी युवकों ने चाकू मारकर बीजेपी कार्यकर्ता से की लूट पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा
By Dinesh chourasiya

भिलाई में शराब के नशे में धुत 2 युवकों ने बीजेपी कार्यकर्ता पर चाकू से जानलेवा हमला कर लूट कर ली। घायल को पुलिस ने लाल बहादुर अस्पताल सुपेला पहुंचाया। सुपेला पुलिस ने एक नाबालिग सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल का नाम पवन कुमार कुटेल है। वो प्लंबर के साथ ही बीजेपी कार्यकर्ता भी है। घायल व्यक्ति पवन ने बताया कि वो भाजपा नेत्री स्वीटी कौशिक के साथ नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है। उसके मोहल्ले मिनीमाता चौक गौतम नगर में नशे का अवैध व्यापार फैला हुआ है। अराजक तत्व वहीं पर बैठकर नशे की गोली बेचते हैं, साथ ही इनका सेवन भी करते हैं।








इससे मोहल्ले के लोग काफी परेशान हैं। इसे लेकर मोहल्ले के निवासी कुशऊराम निर्मलकर शुक्रवार को सुपेला थाने गए थे। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी गए थे। उन्होंने मामले की शिकायत की। इससे पहले कि पुलिस कार्रवाई करती, ठीक उसी जगह पर अगले दिन शाम को उसके साथ चाकू मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
पवन ने बताया कि उसे प्लंबिग का काम करने के लिए 12 हजार रुपए मिले थे। वो अपने सहकर्मी वासनिक के साथ शनिवार देर शाम अपने घर गौतम नगर पहुंचा। उस दौरान वहां सतीश बंजारे और निर्मलकर भी खड़े थे।
पवन ने 12 हजार रुपए में से 4,500 रुपए निकालकर वासनिक को दिए। वहीं कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे 2 लड़के वहां आए और वासनिक से रुपए छीनने लगे। इस पर पवन ने लड़कों को पकड़ा, तो वे लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद उससे विवाद करते हुए आरोपियों ने उसकी पीठ पर चाकू मारा और रुपए लेकर फरार हो गए।





चाकू लगने के बाद भी आरोपियों को दौड़ाया
पवन का कहना है कि उसने खून से लथपथ होने के बावजूद करीब 50 से 100 मीटर तक आरोपियों को दौड़ाया, लेकिन वे लोग भाग गए। इसके बाद वो थाने शिकायत करने पहुंचा। वहां से उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आकाश कुमार उइके (28) निवासी मिनीमाता चौक कृष्णा नगर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके तुरंत बाद टीम को रवाना किया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कुछ ही घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसमें मुख्य आरोपी का नाम संतोष उर्फ टकला निवासी कृष्णा नगर शिव मंदिर सुपेला है। वहीं दूसरा आरोपी नाबालिग है।
आपराधिक किस्म का है आरोपी संतोष
थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संतोष आपराधिक पृष्ठभूमि का है। उसके खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार किया गया नाबालिग आरोपी भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।




