
भिलाई में गाड़ी टकराने के विवाद में छात्र की हत्या:जेल से छूटने के बाद आरोपी ने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिक को चाकू गोप कर उतारा मौत के घाट
By Dinesh chourasiya
भिलाई में रविवार की रात गाड़ी टकराने के विवाद में 12वीं के छात्र शिवम साव (17 वर्ष) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
शिवम साव के चचेरे बड़े भाई करण साव ने बताया कि वो लोग संजय टेंट हाउस चलाते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे आरोपी साहू लकड़ी टाल के पास पप्पू चौक में टेंट का सामान लोड कर रहे थे। उन्होंने टाटा एस (छोटा हाथी) को सड़क किनारे खड़ा किया था। तभी पप्पू, अनिकेत और राहुल बाइक से आए और वाहन से टकरा गए।







इसके बाद वो लोग उनसे झगड़ा करने लगे। विवाद के बाद तीनों लड़के वहां से चले गए। फिर दो घंटे बाद रात 9 बजे मिलन चौक निवासी चंद्रेश प्रधान, सुमित चौहान, अनिकेत चौहान, अनीष खान और राहुल प्रजापति चाकू और डंडा लेकर आए। वो लोग संतोष साव, उसके नौकर गज्जू निर्मलकर और शिवम से विवाद करने लगे।
अकेले पाकर मारा चाकू
उन्होंने पहले गज्जू के हाथ में चाकू मारा। यह देख वहां के लोगों ने उन्हें दौड़ाया तो सभी आरोपी भाग गए। इसी बीच शिवम को अकेला पाकर चंद्रेश ने उसके पेट में चाकू मार दिया और वहां से निकल गए। इस हमले में वो लहूलुहान होकर गिर गया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन शिवम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।




पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार
छावनी थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, शिवम के शव को पोस्ट मार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में रखवाया गया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
हॉफ मर्डर के आरोप में कुछ दिन पहले जेल से छूटा है एक आरोपी
आरोपी राहुल प्रजापति ने 6 महीने पहले एक युवक पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद हाफ मर्डर के आरोप में वो जेल में था। कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।




