Uncategorized

छत्तीसगढ़ में 1500 लोगों से 10 करोड़ की ठगी:ठगों ने केले-संतरे जैसे फलों पर कराया निवेश, कहा था-35 से अधिक देशों में है कारोबार एसपी से FIR दर्ज करने की मांग

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के कोरिया और MCB जिले में करीब 1500 लोगों से 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी की गई है। सैनलुकर कंपनी के ऐप में लोगों ने केला और संतरे जैसे फलों पर निवेश किया। शुरुआत में उन्हें अच्छा रिटर्न मिला, लेकिन बाद में ऐप बंद हो गया। ठगों ने टेस्ला के नाम पर भी ऐप बनाया है।

कोरिया MCB के लोगों के ऐप में हजारों से लेकर लाखों रुपए तक फंस गए हैं। बैकुंठपुर SP कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों ने बताया कि कैथरीन नाम की महिला निवेशकों को जवाब भी देती थी, लेकिन जब उनके पैसे फंसे तब से महिला गायब है। ठगों ने कहा था कि 35 से अधिक देशों में कारोबार है। अच्छा रिटर्न मिलेगा।

ठगों ने कहा- 35 से अधिक देशों में कारोबार

जानकारी के मुताबिक, कोरिया और एमसीबी जिले में सेनलुकर कंपनी का ठगी का कारोबार वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से किया गया। वॉट्सऐप के माध्यम से ही लोगों को APK लिंक भेजे गए और ऐप डाउनलोड कराया गया। मेंबर्स को कंपनी के वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया। 2 ग्रुपों में दोनों जिलों के करीब 1500 से अधिक सदस्य थे।

अच्छा रिटर्न मिलने के लालच में फंसे लोग

कंपनी ने शुरुआत में सदस्यता के लिए 550 रुपए लिए। प्रतिदिन राशि रिटर्न के रूप में दी गई। अच्छा रिटर्न मिलने पर लोगों ने तीन हजार, 7 हजार, 10 हजार, 17 हजार और 25 हजार रुपए के स्कीम में निवेश करते गए। अधिकांश निवेशकों ने एक लाख रुपए या इससे ज्यादा की राशि निवेश की है।

वॉट्सऐप पर होती थी ऑनलाइन मीटिंग

निवेशक गौरव जायसवाल और दासन सिंह ने बताया कि कंपनी के टीम लीडर ऑनलाइन मीटिंग लेते थे। ज्यादा निवेश करने के लिए कहते थे। कंपनी का संचालक कैथरीन नाम महिला को बताया गया है, जो निवेशकों को जवाब भी देती थी। ऐप से पैसों की निकासी बंद होने पर इसकी शिकायत की गई।

इसके बाद कैथरीन ने कहा कि क्रिसमस और छुट्टियों के कारण यह स्थिति बनी है। छुट्टियां समाप्त होने के बाद निकासी हो जाएगी।

ऐप के माध्यम से ही रिचार्ज कर पाते थे

कोरिया जिले की निवेशक मोना ने बताया कि हम लोग सेनलुकर कंपनी के झांसे में आए हैं। शुरू में 550 रुपए लगाए। डेली 23 रुपए 10 पैसे की इनकम होती थी। 970 रुपए 42 दिन में मिले थे। जैसे पैसे मिले, हम ऐप के प्लान को देखकर पैसा लगाते गए।

ऐप में प्रोडक्ट दिया गया था। उसमें पैसे लगाते गए। ऐप के माध्यम से ही रिचार्ज कर पाते थे। अब ऐप पूरी तरह से बंद हो गया है।

एक लाख रुपए निवेश कर फंस गई महिला

कोरिया जिले की निवेशक नीलू कुमारी ने बताया कि मैं 550 रुपए एक बार लगाई। मुझे फायदा हुआ तो 10 हजार रुपए, फिर 20 हजार रुपए लगाई। 20 हजार के बाद एक लाख रुपए निवेश किए। ठगी का शिकार हुई हूं। पैसा वापस कराने और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पैसा डबल करने का लालच दिया गया

कोरिया जिले की निवेशक संगीता ने बताया कि सेनलुकर कंपनी की मालकिन कैथरिन ने कहा कि छोटी-छोटी लागत से ज्यादा कमाई कर सकते हैं। 550 रुपए लगाने पर करीब 1 हजार रुपए मिले। पैसा डबल करने का लालच दिया गया। पैसा लगाते गए। मेरे साथ करीब 1500 लोग हैं, जो ठगी का शिकार हुए हैं।

यूरोप की नामी कंपनी के नाम ऐप

निवेशकों के मुताबिक जिस कंपनी के नाम पर ठगी की गई है, वह स्पेन की है। कई देशों में फलों का कारोबार करती है। सेनलुकर कंपनी यूरोप में रजिस्टर्ड है। अपने ब्रांड के नाम पर फल बेचती है। निवेशकों से कहा गया कि वे इंटरनेशनल कंपनी में निवेश कर रहे हैं।

सेनकुलर ऐप बंद होने के बाद निवेशकों को एक और ऐप में इन्वेस्टमेंट करने के लिए कहा जा रहा है। नया ऐप टेस्ला कंपनी के नाम पर बनाया गया है, जो एलन मस्क की ऑटोमोबाइल कंपनी है।

फलों के लॉट के नाम पर इन्वेस्टमेंट।

निवेशकों ने की पुलिस से शिकायत

सेनलुकर कंपनी में लोगों के करोड़ों रुपए फंस गए हैं। कोरिया एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर निवेशक संतोष सारथी, भरत सिंह, नीलू सिंह और अन्य निवेशकों ने FIR दर्ज करने की मांग की है। मामले में कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button