
पावर हाउस फ्लाई ओवर बंद ..छह दिन पहले शुरू की गई थी यातायात सुविधा
भिलाई। छह दिन पहले पावर हाऊस क्रास फ्लाई ओवर के एक लेन पर शुरू की गई यातायात सुविधा बंद कर दी गई है। फ्लाई ओवर पर प्रकाश व्यवस्था नहीं है। मंगलवार को यहां पर लाइट लगाने का काम चला। बुधवार को भी यह काम चलेगा देर शाम अथवा दूसरे दिन इसे यातायात के लिए खोला जाएगा।
रायपुर-दुर्ग लेन पर यातायात बीते बुधवार को शुरू किया गया था







उल्लेखनीय है कि कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा और एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बीते सप्ताह पावर हाउस फ्लाई ओवर का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने फ्लाई ओवर के काम के बारे में जानकारी ली थी। ठेका कंपनी के अधिकारियों ने बिल पास न होने की बात कहते हुए फ्लाई ओवर के ऊपर से वाहनों की आवाजाही शुरू करने से मना किया तो कलेक्टर ने उन्हें स्पष्ट रूप से कहा कि बिल भुगतान की प्रक्रिया चलती रहेगी लेकिन, इसके लिए फ्लाई ओवर को खोलने से रोका नहीं जा सकता। बचे हुए काम के बारे में पूछने पर ठेका कंपनी ने न्यू वसंत टाकीज की ओर डिवाइडर के बीच से खुले होने, कैट्स आई लगाने और स्ट्रीट लाइट के लिए ट्रांसफार्मर लगाने का काम बचे होने की जानकारी दी थी।
आज अथवा कल से दोबारा शुरू हो सकेगा यातायात
इस पर कलेक्टर और एसपी ने कहा कि खुले हुए डिवाइडर को जाली लगाकर उसे तत्काल बंद किया जाए। इसके बाद बुधवार की शाम से फ्लाई ओवर के रायपुर दुर्ग लेन को शुरू कर दिया गया। इसके बाद मंगलवार की रात को वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। खुर्सीपार आइटीआइ वाले छोर पर बेरिकेडिंग कर दी गई। इससे वाहन पुन: सर्विस रोड से आवागमन कर रहे हैं। बुधवार को भी यहीं स्थिति रही।










