Uncategorized

सोनम वांगचुक अस्पताल से डिस्चार्ज होकर राजघाट पहुंचे:बापू को श्रद्धांजलि दी; बोले- हिंसा से मामला बिगड़ता, इसलिए समय से पहले अनशन खत्म किया

By Dinesh chourasiya

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सामाजिक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सोमवार को डिस्चार्ज हो गए। दोपहर 1:45 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपनी पत्नी डॉ. गीतांजलि के साथ दिल्ली के राजघाट जाकर पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

मीडिया से बातचीत में सोनम वांगचुक ने कहा, “मैं देश को बताना चाहता हूं कि बापू का दिखाया रास्ता आज भी उतना ही सही और प्रासंगिक है, जितना 100 साल पहले था। शांतिपूर्ण आंदोलन के कारण हमारी जीत हुई है। हिंसा होती तो मामला बिगड़ सकता था। इसलिए मैंने समय से पहले अनशन खत्म किया।”

वांगचुक लद्दाख से जुड़े मुद्दों और NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर 26 दिनों तक अनशन पर बैठे थे। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया

डिस्चार्ज होने के बाद वांगचुक की तीन बातें…

1. गांधी जी का तरीका आज भी काम करता है

सोनम वांगचुक ने कहा- कई लोग कहते रहे कि ऐसे शासन में गांधी जी का रास्ता काम नहीं करेगा, लेकिन मेरी समझ है कि यह रास्ता सरकार से ज्यादा जनता के दिल तक पहुंचता है। सरकार हमारी बात सुने या न सुने, लेकिन जनता जरूर सुनती है। मैंने गांधी जी के इस प्रयोग को सफल होते देखा है। इससे पहले हमने लद्दाख में भी उनके बताए रास्ते पर चलकर आंदोलन किया था। अब मुझे महसूस हुआ कि यह पूरे देश के स्तर पर भी उतना ही प्रभावी है।

2. यह रास्ता कठोर दिल को भी पिघला सकता है

वांगचुक ने आगे कहा- मैं देशवासियों से कहना चाहता हूं कि बापू के दिखाए रास्ते पर चलें। इससे समाधान जरूर निकलता है। देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं होता। जरूरी नहीं कि पहली बार में ही सफलता मिल जाए, लेकिन लगातार प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है। हमें दूसरों को तकलीफ देने के बजाय खुद कठिनाइयों का सामना करना चाहिए। यही रास्ता सबसे कठोर दिल को भी पिघला सकता है।

3. हिंसा से मामला बिगड़ता, इसलिए आंदोलन रोका

उन्होंने कहा- मैं देश के युवाओं को बधाई देना चाहता हूं। उन सभी लोगों का भी धन्यवाद, जिन्होंने इस आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया। हमें समझना होगा कि अगर कोई समाधान निकला है तो वह हमारी ताकत, लाठी या पत्थर से नहीं, बल्कि शांति और संयम से निकला है। हमने खुद कष्ट सहा, इसलिए बात आगे बढ़ी। अगर हिंसा होती, तो मामला और बिगड़ सकता था। इसी वजह से मुझे शांतिपूर्ण आंदोलन को भी तय समय से पहले रोकना पड़ा।”

वांगचुक बोले- आगे भी आवाज उठाता रहूंगा

डिस्चार्ज होने से पहले सोनम वांगचुक ने वीडियो जारी कर कहा- “अब मेरी तबीयत पहले से काफी बेहतर है। मैं धीरे-धीरे खाना खा रहा हूं और शरीर में भी ताकत लौट रही है। जैसे स्विट्जरलैंड से लौटने के बाद अनशन शुरू करने से पहले राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि दी थी और फिर जंतर-मंतर पहुंचा था, उसी परंपरा को आज भी दोहराया जाएगा। इसके बाद मैं अपने घर लद्दाख के लिए रवाना हो जाऊंगा।

देशभर से छोटे-बड़े, पास-दूर सभी लोगों ने एकजुट होकर इस मुहिम में अपनी आवाज मिलाई। सभी के सहयोग से यह आंदोलन सफल हुआ है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर इसी तरह मिलकर आवाज उठाई जाती रहेगी।”

अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि वांगचुक के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है। उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य हैं और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अब वह बिना किसी परेशानी के चलने-फिरने में सक्षम हैं।
अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि वांगचुक के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है। उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य हैं और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अब वह बिना किसी परेशानी के चलने-फिरने में सक्षम हैं।

Related Articles

Back to top button