
BAJAJ FINANCE में लोन दिलाने के नाम धोखाधड़ी करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
भिलाई नगर,। बजाज फाइनेंस में लोन दिलाने के नाम दुर्ग के किसान से करीब 8 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस नवादा बिहार से गिरफ्तार कर ले आई है। फेसबुक पर विज्ञापन देख बजाज फायनेंस लोन देने का झांसा दे आरोपियों ने दुर्ग जिले के एक किसान से आनलाईन ठगी की थी। फेसबुक प्लेटफॉर्म पर एड तैयार कर घटना को आरोपी अंजाम दिया करते थे। मामले के आरोपी को वारसलीगंज नवादा बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त मोबाईल भी पुलिस ने बरामद किया है।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि 23 मार्च 2023 को झम्मन लाल निषाद पिता स्व. भरत लाल निषाद (43 वर्ष) निवासी ग्राम चंगोरी चौकी अंजोरा थाना पुलगांव ने थाना में आवेदन पत्र प्रस्तुत किया कि किराना दुकान खोलने के लिये उसे लोन की आवश्यकता थी, एक दिन अपने मोबाईल पर फेसबुक देख रहा था तभी विज्ञापन आया, उसे क्लिक किया और उसमें दिये मोबाईल नम्बर में कॉल किया। कुछ समय बाद उसी नम्बर से उसके मोबाईल नम्बर पर फोन आया और उसने अपना नाम संजीव कुमार बजाज फायनेंस का कर्मचारी होना बताया।







दुकान के लिए पाँच लाख रूपये लोन के लिये संजीव कुमार ने उसे चौबीस घंटे में लोन पास हो जायेगा कहकर झम्मन लाल को आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक खाता भेजने कहा। तीनों दस्तावेज उसी समय व्हाट्सअप से भेज दिया। 17 अक्टूबर 2022 को उसी नम्बर से झम्मन लाल को फोन आया और बोला गया कि लोन पास हो जायेगा। प्रोसेसिंग चार्ज, बीमा चार्ज, इनकम टेक्स चार्ज के रूप में कुछ राशि खाते से देने कहा गया।
लोन की राशि नहीं आयी तब झम्मन लाल निषाद द्वारा संजीव कुमार से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि आपका प्रोसेस लेट हो गया है, अब लेट चार्ज लगेगा। इसी प्रकार से अलग-अलग प्रोसेसिंग चार्जेस के रूप में अलग-अलग दिनांक झम्मन लाल से करीब 8 लाख 1 हजार 465 रूपये की राशि लेकर धोखाधड़ी की गयी। थाना अंजोरा में धारा 420 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीएसपी (दुर्ग) वैभव बैंकर और उप पुलिस अधीक्षक (सायबर) प्रभात कुमार, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) राजीव शर्मा के मार्ग दर्शन में एवं एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा व थाना प्रभारी पुलगांव निरीक्षक प्रदीप सोनी, चौकी अंजोरा प्रभारी उनि पवन देवांगन के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित कर टीम को कार्यवाही हेतु लगाया गया। विवेचना के दौरान टीम द्वारा प्रार्थी से संपर्क स्थापित करते हुए घटना के संबंध में सभी आवश्यक जानकारी एकत्र करते हुए आरोपी के मोबाईल नम्बर एवं घटना के दौरान पैसों के ट्रांजेक्सन के लिए उपयोग में लाये गये बैंक खातों का सूक्ष्मता में अवलोकन कर जानकारी एकत्र की गयी। जिसमें आरोपी की उपस्थित ग्राम माईखेरा थाना वारसलीगंज जिला नवादा बिहार होना पता चला। एक विशेष टीम ग्राम माईखेरा थाना वारसलीगंज जिला नवादा बिहार हेतु रवाना की गयी। टीम द्वारा वारसलीगंज जिला नवादा बिहार पहुँच कर आरोपी के संबंध में जानकारी एकत्रित की गयी। जिस पर टीम को उक्त घटना स्थानीय निवासी राधेश्याम कुमार द्वारा उक्त घटना का अंजाम देना पता चला। टीम द्वारा स्थानीय पुलिस की मदद प्राप्त करते हुए राधेश्याम कुमार को घेराबंदी कर पकड़ा गया।




आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ पर पुलिस को गुमराह करते रहे किन्तु सघन एवं तकनीकी रूप से पूछताछ करने पर उक्त घटना को अंजाम देना करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा बताया गया कि घटना को अंजाम देने हेतु सर्वप्रथम फेसबुक पर लोन हेतु एक एड तैयार लोगों को झांसे में लेते है। जब कोई उनके झांसे में आ जाता है तो उनसे आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक खाता मांगा जाता है। उसके पश्चात् कुछ ऑन लाईन फार्म भरने की प्रक्रिया कराया जाकर विभिन्न प्रोसेस के नाम पर अलग-अलग चार्जेस लेकर ठगी की घटना को अंजाम देते है। आरोपी की निशान देही पर घटना में प्रयुक्त मोबाईल एवं मोबाईल नम्बर बरामद किया गया। अग्रिम कार्यवाही चौकी अंजोरा थाना पुलगांव से की जा रही है।




