
CG के गौरेला में अजीत जोगी की मूर्ति हटाने पर बवाल:BJP बोली- डॉ मुखर्जी की प्रतिमा लगेगी, अमित बोले-पिता की मूर्ति लगेगी या मेरी अर्थी उठेगी
By Dinesh chourasiya
गौरेला में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की मूर्ति हटाए जाने का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासन ने जोगी समर्थकों को प्रतिमा फिर से स्थापित करने से मना कर दिया है। SDM ऋचा चंद्राकर सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौके पहुंची हुई है। अफसरों ने अनुमति के बाद नियम से मूर्ति लगाने की बात कही है।
जोगी समर्थकों और अधिकारियों के बीच बहस देखने को मिली। जोगी समर्थकों ने मूर्ति स्थापित करने की अनुमति नहीं देने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। बता दें कि अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी समर्थकों के साथ मंगलवार रात से धरने पर बैठे हैं।







अमित जोगी ने कहा कि या तो यहां दिवंगत अजीत जोगी की मूर्ति लगेगी या यहां से मेरी अर्थी उठेगी। उन्होंने ये भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से बात हुई थी, उन्होंने मूर्ति लगाने का आश्वासन दिया था।
वहीं इस पूरे मामले पर सीएम साय बोले कि प्रशासन से जानकारी मंगाई गई है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेताओं ने जोगी की प्रतिमा लगाने पर जताई आपत्ति




बता दें कि ज्योतिपुर चौक में मूर्ति को लेकर हुए विवाद के संबंध में भाजपा नेताओं ने SDM को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा में पारित प्रस्ताव में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा लगाना प्रस्तावित है। लेकिन ठेकेदार ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जगह अजीत जोगी की मूर्ति लगा दी है।
बीजेपी जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि 22 मई 2025 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पत्र जारी कर किसी अन्य की मूर्ति को हटाने का निर्देश जारी किया गया है। बिना अनुमति के अजित जोगी की प्रतिमा लगाई गई। मूर्ति लगाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
भाजपा नेताओं के इस ज्ञापन के बाद SDM ऋचा चंद्राकर ने अमित जोगी और अन्य जेसीसी के नेताओं को सुबह तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिए थे।
जानिए सोमवार को क्या हुआ था
गौरेला में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की प्रतिमा को हटाने का वीडियो सामने आया। रविवार देर रात क्रेन के जरिए प्रतिमा को हटा दिया गया। तीन दिन पहले ही ज्योतिपुर तिहारे पर मूर्ति स्थापित की गई थी। मूर्ति नगरपालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में मिली। प्रतिमा का अनावरण 29 मई को अजीत जोगी की पुण्यतिथि पर होना था।
रात सवा 2 बजे प्रतिमा को हटाए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि रात 2:18 बजे क्रेन की मदद से महज 4 मिनट में प्रतिमा को हटाया गया। घटना के विरोध में अमित जोगी और JCC(J) कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। गौरेला पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।




