
मध्य प्रदेश :-मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते एक महिला अपने चार बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। बताया जा रहा है कि महिला किसी तरह अपनी एक बेटी के साथ कुएं से बाहर निकल आई, लेकिन तीन बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, महिला और उसके पति के बीच कथित तौर पर महुआ चुनने जाने को लेकर विवाद हुआ था जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
बुराहनपुर के खकनार थाना क्षेत्र के ग्राम कर्दली के पास टिका बर्डी फालिया में रहने वाले रमेश और उसकी पत्नी प्रमिला के बीच किसी बात को लेकर रविवार शाम विवाद हुआ था। इसके बाद प्रमिला गुस्से में आकर अपने 4 बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। कुएं में डूबने से 3 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला और उसकी बड़ी बेटी पास के खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं।बताया जा रहा है कि महिला जब कुएं में कूदी तो उसके 3 छोटे बच्चे तो डूब गए, लेकिन सात साल की बेटी और खुद महिला किसी तरह बाहर आ गई थीं और वह पास के ही एक खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। डूबने वाले बच्चों में डेढ़ साल का एक बेटा, तीन और साढ़े चार साल की दो लड़कियां हैं।







बुरहानपुर एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महिला और उसकी एक बेटी बदहवास हालत में मिली थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला के पति और गांव के अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, रमेश ने रविवार शाम अपनी पत्नी प्रमिला को खेत में महुआ चुनने के लिए साथ चलने की बात कही थी, इसी बात को लेकर उन दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद गुस्से में आकर महिला अपने 4 बच्चों को साथ लेकर गांव के ही एक कुएं में कूद गई थी।







