Uncategorized

CG में नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 खदान सील, खनिज का अवैध परिवहन करते 6 हाईवा और 150 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण भी जब्त

By Dinesh chourasiya

बिलासपुर. खनिज एवं राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आज एक साथ कई खदानों पर दबिश दी. टीम ने मस्तुरी स्थित निम्न श्रेणी चूना पत्थर की कुल 4 खदानों का निरीक्षण किया, जहां नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर चारों खदानों को सील कर दिया गया.

टीम ने मेसर्स जीएस मिनरल्स, प्रो संजय पवार ग्राम कोसमडीह मस्तुरी, दौलतराम बिधानी ग्राम मस्तुरी, मेसर्स बिलासादाई मिनरल्स, प्रो. संजय छापरिया ग्राम मस्तुरी, मेसर्स कन्हैया मिनरल्स प्रो. प्रकाश चनानी ग्राम मोहतरा का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान टीम ने उक्त चारों खदान मालिकों से विस्फोटक, पर्यावरण स्वीकृति, जल एवं वायु सम्मति तथा आवक-जावक से संबंधित पंजी तथा अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा, किंतु उनके द्वारा इस संबंध में किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए. इसके चलते इन चारों खदानों को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया.

खनिज विभाग ने बिल्हा विकासखण्ड के लच्छनपुर तथा पेण्डरवा स्थित खनिज रेत के 4 स्थलों पर रेत का अवैध भण्डारण मात्रा 150 घन मीटर जब्त कर प्रकरण दर्ज किया. वहीं राज्य स्तरीय खनिज उड़नदस्ता दलों ने भी बिलासपुर जिले की विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर खनिजों के अवैध परिवहन करते हुए कुल छह हाईवा वाहनों को जब्त किया. उनके विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर जिले की विभिन्न थानों की अभिरक्षा में वाहनों को रखा गया.

Related Articles

Back to top button